Delhi Weather Forecast: दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम, सर्दी होगी रिटर्न; बारिश को लेकर IMD ने दिया बड़ा अपडेट
दिल्ली में लगातार बढ़ रहे अधिकतम तापमान से फिलहाल भले ही गर्मी का एहसास होने लगा हो लेकिन जल्द ही दिल्ली वासियों को एक बार फिर ठंड का झटका लग सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार मंगलवार और बुधवार को हल्की वर्षा होने का अनुमान है। इसके कारण अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की कमी आ सकती है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में लगातार बढ़ रहे अधिकतम तापमान से फिलहाल भले ही गर्मी का एहसास होने लगा हो, लेकिन जल्द ही दिल्ली वासियों को एक बार फिर ठंड का झटका लग सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार, मंगलवार और बुधवार को हल्की वर्षा होने का अनुमान है। इसके कारण अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की कमी आ सकती है। तापमान में कमी आने के चलते एक बार फिर ठंडक बढ़ेगी।
पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। लेकिन शनिवार को इसमें आंशिक कमी देखी गई। शुक्रवार को जहां अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री था तो वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है।
कितना रहा तापमान
शनिवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 100 से 31 प्रतिशत रहा। मुंगेशपुर दिल्ली का सबसे ठंडा इलाका रहा जहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि पीतमपुरा सबसे गर्म क्षेत्र रहा। जहां अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया गया।
छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को सुबह हल्की धुंध हो सकती है। दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 27 और नौ डिग्री रह सकता है। सोमवार को हल्की वर्षा के साथ तेज हवाएं चलेंगी। मंगलवार को हल्की से मध्यम श्रेणी की वर्षा हो सकती है जबकि बुधवार को हल्की वर्षा की संभावना है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री के लगभग रहने का अनुमान है।
दो दिन ''खराब'' श्रेणी में रहेगा प्रदूषण
दिल्ली में अगले दो दिनों तक प्रदूषण ''खराब'' श्रेणी में ही बना रहेगा। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को प्रदूषण में मामूली कमी देखने को मिली। शुक्रवार को जहां दिल्ली का एक्यूआइ 257 था वहीं शनिवार को यह 245 दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का मानना है कि मंगलवार से प्रदूषण ''मध्यम'' श्रेणी में आ जाएगा। हवा की रफ्तार बढ़ने के चलते दो से तीन दिन यह ''मध्यम'' श्रेणी में ही बना रहेगा।
शनिवार को दिल्ली में केवल आनंद विहार एकमात्र ऐसा क्षेत्र रहा जहां प्रदूषण ''बहुत खराब'' श्रेणी में दर्ज किया गया। यहां का एक्यूआई 329 रहा। अधिकांश इलाकों में जहां प्रदूषण ''खराब'' श्रेणी में रहा, वहीं पांच इलाकों में यह ''मध्यम'' श्रेणी में दर्ज किया गया। शनिवार को लोधी रोड दिल्ली का सबसे कम प्रदूषित क्षेत्र रहा जहां का एक्यूआई महज 122 दर्ज किया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।