Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम? मौसम विभाग ने जारी किया अपडेट
दिल्ली में मंगलवार को भीषण गर्मी के बाद अचानक मौसम बदल गया। तेज आंधी और हल्की बारिश से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया। बुधवार से आसमान साफ होने और तापमान बढ़ने का अनुमान है। वायु गुणवत्ता में लगातार सुधार जारी है AQI मध्यम श्रेणी में है दिल्ली में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आसमान साफ रहने और तीखी धूप खिली होने से दिल्ली वासियों ने मंगलवार को दिन भर भीषण गर्मी का सामना किया। अलबत्ता शाम को मौसम के करवट लेने से राहत की सांस ली।
एकाएक बदले मौसम में तेज आंधी के साथ हल्की वर्षा भी दर्ज की गई। बुधवार से आसमान के फिर साफ हो जाने और तापमान में वृद्धि होने का पूर्वानुमान है।
मंगलवार को सुबह ही सूरज निकल गया था और धूप भी खिल गई थी। दिन चढ़ने के साथ यह और तीखी होती गई। बीच बीच में कई बार आंशिक रूप से बादल भी छाए, लेकिन उससे गर्मी की चुभन कम नहीं हुई। एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से शाम के समय मौसम विभाग ने एकाएक ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया।
इस लिंक पर क्लिक कर जानिए पूरे हफ्ते कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूल भरी आंधी
देखते ही देखते बादल छा गए। 20 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी तेज आंधी चली और बाद में कहीं हल्की तो कहीं कुछ तेज वर्षा भी दर्ज की गई। इससे गर्मी की चुभन कम हुई और मौसम भी थोड़ा सुहावना हो गया।
मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक 27.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
हवा में नमी का स्तर 57 से 30 प्रतिशत रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री के लिहाज से रिज क्षेत्र और सर्वाधिक न्यूनतम 29.3 डिग्री के लिहाज से पीतमपुरा दिल्ली के सबसे गर्म इलाके रहे।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। बीच बीच में हवा की रफ्तार 35 किमी तक भी जा सकती है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 40 और 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
शाम पांच से छह बजे के बीच कहां कितनी रही आंधी की रफ्तार (प्रति घंटा किमी में)
इलाका आंधी की रफ्तार समय
पालम 46 किमी 4.03 से 5.00
भारत मंडपम 37 किमी 4.00
जाफरपुर 35 किमी 4.45
लोधी रोड 35 किमी 4.00
पीतमपुरा 50 किमी 5.00
नजफगढ़ 28 किमी 5.00
इग्नू 30 किमी 4.45
फार्मा साइंस 20 किमी 4.30
केवी नारायणा 28 किमी 3.45
दिल्ली विवि 31 किमी 5.15
केवी जनकपुरी 20 किमी 4.30
दिल्ली के विभिन्न इलाकों में वर्षा (सुबह 8.30 बजे से रात 8.30 तक मिमी में) का ब्यौरा:-
इलाका वर्षा
सफदरजंग 0.6
पालम 5.6
लोधी रोड बूंदाबांदी
रिज 2.0
आयानगर बूंदाबांदी
दिल्ली विवि 2.0
नरेला 0.5
नजफगढ़ 0.5
पीतमपुरा 6.0
मयूर विहार 1.0
वायु गुणवत्ता में लगातार आठवें दिन सुधार बरकरार
मौसमी परिस्थितियों के चलते वायु गुणवत्ता में लगातार आठवें दिन भी सुधार बना रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का एक्यूआई 141 दर्ज किया गया। इसे मध्यम श्रेणी में रखा जाता है।
एक दिन पूर्व सोमवार को यह 162 रहा था। यानी 24 घंटे के दौरान इसमें 21 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है। एनसीआर के शहरों में भी यही स्थिति है। हाल फिलहाल इसके मध्यम श्रेणी में ही बने रहने के आसार हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।