LIVE: तूफान, बारिश और ओले... कई जगह गिरे पेड़-होर्डिंग, सड़कों पर लंबा जाम; दिल्ली-NCR में मौसम ने ढाया कहर
दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार शाम तेज आंधी और वर्षा ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं से पेड़ गिरने और बिजली के तार टूटने से लोग अधिक प्रभावित हुए। वजीराबाद रोड पर पेड़ गिर गया। पेड़ के नीचे दबकर एक बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं मृतक की पहचान अजहर के रूप में हुई है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार शाम तेज आंधी और वर्षा ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं से पेड़ गिरने और बिजली के तार टूटने से लोग अधिक प्रभावित हुए। वजीराबाद रोड पर पेड़ गिर गया। पेड़ के नीचे दबकर एक बाइक सवार की मौत हो गई।
रेड, येलो और पिंक लाइनों पर सेवाएं आधे से एक घंटे तक ठप रहीं
मृतक की पहचान अजहर के रूप में हुई है। इस दौरान दिल्ली मेट्रो की रेड, येलो और पिंक लाइनों पर सेवाएं आधे से एक घंटे तक ठप रहीं। शहीद नगर, जहांगीरपुरी और निजामुद्दीन मेट्रो स्टेशनों के पास ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तारों को नुकसान पहुंचा।
कुछ स्थानों पर हवा से उड़कर आई वस्तुएं पटरियों पर गिरीं, जिससे परिचालन बाधित हुआ। डीएमआरसी ने तत्काल मरम्मत शुरू की, पिंक लाइन पर सेवाएं सामान्य हो गईं, जबकि रेड और येलो लाइन पर काम जारी है।
बिजली के तार टूटने की 25 से अधिक शिकायतें मिलीं
दिल्ली पुलिस, एमसीडी और दमकल को पेड़ गिरने, बिजली के तार टूटने की 25 से अधिक शिकायतें मिलीं। राहत कार्य जारी हैं। सड़कों पर गिरे पेड़ों और मलबे से कई इलाकों में घंटों जाम रहा। स्थानीय लोगों ने पेड़ हटाने में देरी की शिकायत की।
मेट्रो व हवाई सेवाओं को जल्द सामान्य करने के प्रयास जारी
प्रशासन ने दावा किया कि स्थिति नियंत्रण में है और मेट्रो व हवाई सेवाओं को जल्द सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। लोगों से मौसम अपडेट्स पर नजर रखने और यात्रा की योजना बनाने की अपील की गई है। मौसम विभाग ने पहले ही तेज हवाओं और हल्की बारिश की चेतावनी दी थी, लेकिन आंधी की तीव्रता ने सभी को चौंका दिया।
सरोजिनी नगर, मालवीय नगर, मंडी हाउस, दिल्ली गेट, रोहिणी, तिलक नगर, पश्चिम विहार, सब्जी मंडी, ग्रीन पार्क, चांदनी चौक, शाहदरा, प्रीत विहार, आइटीओ, नरेला, बवाना, बुराड़ी, रोहिणी, सिविल लाइंस, सीआर पार्क, छतरपुर, मुंडका, जाफरपुर, द्वारका, पीतमपुरा, मुखर्जी नगर, लक्ष्मी नगर, पहाड़गंज, और लाजपत नगर में तार टूटने और पेड़ गिरने की सूचना।
कनॉट प्लेस, संसद मार्ग, खान मार्केट, कस्तूरबा गांधी लेन में पेड़ गिरने से वाहनों को नुकसान। राजीव नगर, मंगोलपुरी में यातायात जाम की समस्या।
बिजली आपूर्ति की बहाली में तीन घंटे से अधिक समय लगा
आंधी व वर्षा के कारण दिल्ली के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बहाल होने में तीन घंटे से अधिक समय लगे। बिजली वितरण कंपनियों (डिस्काम) का कहना है कि बिजली के तारों पर पेड़ और उनकी शाखाएं गिरने के कारण समस्या आई।
कई स्थानों आंधी चलने से बिजली आपूर्ति बंद हो गई
शिकायत मिलने के साथ ही समस्या दूर करने के प्रयास शुरू कर दिए गए। बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को ध्यान में रखकर भी कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी।
बवाना, नरेला, जहांगीरपुरी, सिविल लाइंस, शक्ति नगर, मॉडल टाउन, वजीराबाद, धीरपुर, बुराड़ी, पटपड़गंज, शाहदरा, विनोद नगर, मयूर विहार सहित कई स्थानों आंधी चलने से बिजली आपूर्ति बंद हो गई।
बीएसईएस और टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रिब्यूशन लिमिटेड के अधिकारियों का कहना है कि शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) तैनात किए गए हैं। कई स्थानों पर आधे घंटे के अंदर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
पेड़ गिरने के कारण बिजली आपूर्ति बहाल
वहीं, कई क्षेत्र में पेड़ गिरने के कारण बिजली आपूर्ति बहाल करने में समय लगा। कुछ क्षेत्रों में सड़कों पर जाम लगने के कारण बिजली कर्मचारियों को मौके पर पहुंचने में समय लगा। इससे भी बिजली आपूर्ति बहाल करने में देर हुई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।