Delhi: यमुना में अमोनिया बढ़ने से कई इलाकों में जल आपूर्ति बाधित, बोर्ड ने हरियाणा को ठहराया जिम्मेदार
यमुना नदी में अमोनिया के बढ़ने से दिल्ली के कई इलाकों में जल आपूर्ति बाधित हो गई है। अब दिल्ली जल बोर्ड ने हरियाणा सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। बता दें कि हरियाणा के नालों का पानी यमुना में गिरता है।

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। यमुना में अमोनिया का स्तर बढ़ने के कारण दक्षिणी दिल्ली, मध्य दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली के कई क्षेत्रों में जल आपूर्ति बाधित हो गई है। दिल्ली जल बोर्ड ने इसके लिए हरियाणा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।
नालों से गिर रहा यमुना में पानी
हरियाणा के सिंचाई विभाग को पत्र लिखकर कहा गया है कि इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या हल करने को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया। हरियाणा के नालों से यमुना में गंदा पानी गिर रहा है जिससे समस्या बढ़ गई है।
0.60 पीपीएम (पार्ट पर मिलियन) तक अमोनिया का स्तर होने पर जल शोधन संयंत्रों में पानी का शोधन हो जाता है, लेकिन यमुना नदी के साथ वजीराबाद में बने तालाब में यह 3.5 पीपीएम पहुंच गया है। इस कारण वजीराबाद, चंद्रावल और हैदरपुर के जल उपचार संयंत्रों से पानी का उत्पादन 10 से 30 प्रतिशत तक कम हो गया है।
पिछले साल से अमोनिया बढ़ने की समस्या
इससे दिल्ली के कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बाधित हुई है। जल बोर्ड का कहना है कि 12 दिसंबर से बार-बार अमोनिया का स्तर बढ़ने की समस्या आ रही है। इसे लेकर हरियाणा सरकार को पहले भी पत्र लिखा गया है, लेकिन समस्या दूर नहीं की गई।
जल बोर्ड की टीम इस समस्या को लेकर सर्वे कर रही है जिसमें पाया गया कि हरियाणा के डीडी8 और अन्य नालों से नथु पुरा, बारोटा व खोजीपुर गांव में गंदा पानी यमुना में मिल रहा है। इससे प्रदूषण बढ़ने के कारण राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री आवास, सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट सहित एनडीएमसी क्षेत्र में पड़ने वाले अन्य वीवीआइपी स्थानों पर शुद्ध पेयजल आपूर्ति करने में परेशानी हो रही है।
इन क्षेत्रों में बाधित हुई है जल आपूर्ति
सिविल लाइंस, हिंदू राव अस्पताल और इसके आसपास के क्षेत्र, कमला नगर, शक्ति नगर और इसके आसपास के क्षेत्र, करोलबाग, पहाड़गंज और नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) क्षेत्र, ओल्ड व न्यू राजिंदर नगर, पटेल नगर (पूर्व और पश्चिम), बलजीत नगर, नगर, प्रेम नगर, इंद्रपुरी और इसके आसपास के क्षेत्र में जल आपूर्ति बाधित रहेगी।
इसके अलावा कालकाजी, गोविंदपुरी, तुगलकाबाद, संगम विहार, अंबेडकर नगर, प्रह्लादपुर और इसके आसपास के क्षेत्र, रामलीला मैदान, दिल्ली गेट, सुभाष पार्क, माडल टाउन, गुलाबी बाग, पंजाबी बाग, जहांगीरपुरी, मूलचंद, दक्षिण एक्सटेंशन, ग्रेटर कैलाश, बुराड़ी और इसके आसपास के क्षेत्र, छावनी क्षेत्र के कुछ हिस्से में सोमवार शाम से जल आपूर्ति बाधित है। समस्या के समाधान तक इन क्षेत्रों में कम दबाव पर जल आपूर्ति होगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।