अमिताभ की अंगूठी गायब, ऋतिक को महिला ने मारे नाखून; सचिन का भी बुरा हाल- जानें पूरा मामला
मैडम तुसाद संग्रहालय में दो दिन पहले तो अनावरण के कुछ घंटे बाद ही विराट कोहली के पुतले का कान टूट गया।
नई दिल्ली (जागरण स्पेशल)। मैडम तुसाद संग्रहालय में लगे मोम के पुतलों पर चाहने वालों का प्यार भारी पड़ रहा है।रोजाना किसी न किसी लोकप्रिय हस्ती के पुतले को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आ रही हैं। यही नहीं, कुछ पुतले के सामान भी गायब हो गए हैं। हालांकि, इससे मैडम तुसाद चलाने वाली कंपनी मर्लिन एंटरटेनमेंट ज्यादा चिंतित नहीं है। उसके मुताबिक पुतलों की तत्काल मरम्मत के लिए उसके पास 30 से अधिक विशेषज्ञों की टीम है, जिसमें वैक्स आर्टिस्ट, पेंटर व अन्य मामलों के जानकार हैं।
कंपनी के महाप्रबंधक व निदेशक अंशुल जैन के मुताबिक दर्शकों का यह प्यार लाजिमी है, क्योंकि उनमें यह सवाल रहता है कि कहीं यह पुतले असली तो नहीं हैं या इसे किस चीज से बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि रोजाना किसी न किसी पुतले को नुकसान पहुंचने के मामले आते हैं। जैसे किसी ने क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की पुतलियों के बाल को निकालने का प्रयास किया।
वहीं मिलेनियम स्टार अमिताभ बच्चन की अंगूठी गायब हो गई। ऐसे मामलों ने प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है।
यह भी जानकारी मिली है कि मैडम तुसाद संग्रहालय में लगे किसी महिला के नाखून ऋतिक रोशन के शरीर पर लग गए। इससे मोम के पुतले को काफी नुकसान पहुंचा है।
दो दिन पहले तो अनावरण के कुछ घंटे बाद ही विराट कोहली के पुतले का कान टूट गया। अंशुल जैन के मुताबिक इस मामले में किसी के खिलाफ न पुलिस से शिकायत की गई है और न कराने का इरादा है, क्योंकि वह दर्शकों की भावनाओं को समझते हैं।
बता दें कि पिछले वर्ष नवंबर से कनॉट प्लेस में मैडम तुसाद संग्रहालय आम लोगों के लिए खुला है। महात्मा गांधी, नरेंद्र मोदी, सचिन तेंदुलकर, शाहरुख खान, सलमान खान, ऋतिक रोशन, अमिताभ बच्चन, कपिल देव, राज कपूर, कपिल देव, अनिल कपूर समेत 50 देश-विदेश के प्रसिद्ध लोगों के पुतले लगे हैं। कुछ माह संग्रहालय में किसी नए का अनावरण होता है तो किसी पुतले को हटाया भी जाता है।
यहां पर बता दें कि दिल्ली के मैडम तुसाद म्यूजियम में विराट के फैंस ने विराट के मोम की प्रतिमा के कान तोड़ दिए। विराट की उपलब्धियों को देखते हुए बुधवार को ही दिल्ली के मैडम तुसाद म्यूजियम में उनके मोम के पुतले का अनावरण किया गया था। इसके अगले ही दिन म्यूजियम में विराट की झलक देखने के लिए उनके फैंस की होड़ मच गई।
इस भीड़ में आए विराट के फैंस इस पुतले के साथ सेल्फी लेना चाहते थे। फैंस की विराट के इस पुतले के साथ सेल्फी लेने की चाहत में धक्का-मुक्की हो गई जिसके चलते विराट के किसी फैन की लापरवाही से विराट के पुतले का दायां कान टूट गया।
आपको बता दें कि मैडम तुसाद म्यूजियम में आने वाले फैंस को यहां पर लगे सेलिब्रिटीज के पुतलों को छूने और साथ में फोटो लेने की इजाजत है इसलिए हर कोई आसानी से यहां सेलिब्रिटीज के पुतलों के साथ सेल्फी लेने का प्रयास करता है। यह इस म्यूजियम की खास नीति है ताकि आगंतुक अपने आपको इन सेलिब्रिटीज के बीच वास्तविक रूप से मौजूद होने का अहसास कर सके।
रीगल बिल्डिंग के दो फ्लोर में बना तुसाद संग्रहालय देश का पहला मोम का संग्रहालय है। इसमें देश-विदेश की जानी-मानी 50 हस्तियों के पुतले रखे गए हैं।
गौरतलब है कि मैडम तुसाद की स्थापना 1835 में मोम शिल्पकार मेरी तुसाद ने की थी। मोम के बने इन पुतलों कि विशेषता ये है कि ये दिखने में असली और जीवंत लगते हैं। एकबारगी आपको लगेगा मूर्ति वास्तविक है। जानकारी के मुताबिक, इनको बनाने में 6 महीने का समय लगता है, जिसकी लागत 1 से 1.50 करोड़ रुपये है।मोम के पुतलों को बनाने के दौरान सेलिब्रिटी की शारीरिक बनावट, स्किन, बाल यहां तक कि आंखों की पुतलियों के रंग को ध्यान में रखा जाता है।
यहां पर मोम के पुतलों को दीदार करने के लिए अगर आप काउंटर पर बुकिंग कराते हैं तो व्यस्क के लिए 960 रुपये देने होंगे, वहीं बच्चों के लिए करीब 700 रुपए खर्च करने होंगे। अगर ऑनलाइन बुकिंग करते हैं तो आपको 100 रुपये का डिस्काउंट मिल जाएगा। यहां पर यह भी बता दें कि ऑनलाइन खरीद गया टिकट एक साल तक के लिए वैध माना जाएगा। मैडम तुसाद में सुबह 10 बजे से लेकर शाम 7:30 तक कभी भी जाया जा सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।