Tiger Man Passes Away: 'टाइगर मैन' नाम से मशहूर वाल्मीक थापर का निधन, अभिनेता शशि कपूर की बेटी से की थी शादी
Tiger Man Passes Away प्रसिद्ध पर्यावरणविद और टाइगर मैन के नाम से मशहूर वाल्मीक थापर का 73 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे कैंसर से पीड़ित थे। उन्होंने अपना जीवन वन्यजीवों के संरक्षण खासकर बाघों के अध्ययन और सुरक्षा को समर्पित किया। थापर ने रणथंभौर फाउंडेशन की सह-स्थापना की और राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड के सदस्य भी रहे। उन्होंने बाघों के संरक्षण के लिए सरकार को कई सुझाव दिए।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। Tiger Man Passes Away: देश के प्रसिद्ध पर्यावरणविद और 'टाइगर मैन' के नाम से मशहूर वाल्मीक थापर का शनिवार सुबह 73 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से कैंसर से पीड़ित थे।
थापर का निधन दिल्ली के कौटिल्य मार्ग स्थित उनके आवास पर हुआ। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3:30 बजे लोधी इलेक्ट्रिक श्मशान घाट पर किया जाएगा। वाल्मीक थापर ने अपना पूरा जीवन वन्यजीवों के संरक्षण, खासतौर पर बाघों के अध्ययन और सुरक्षा को समर्पित किया।
उन्होंने वर्ष 1988 में राजस्थान के रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान से जुड़े ‘रणथंभौर फाउंडेशन’ की सह-स्थापना की, जो समुदाय-आधारित संरक्षण कार्यों में सक्रिय है। थापर राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड सहित 150 से अधिक सरकारी समितियों और कार्यबलों के सदस्य रहे।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में चार दशकों का योगदान
नई दिल्ली में वर्ष 1952 में जन्मे वाल्मीक थापर ने दून स्कूल से शिक्षा प्राप्त की और दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से समाजशास्त्र में स्नातक किया। जहां उन्हें स्वर्ण पदक मिला।
वे प्रसिद्ध पत्रकार रोमेश थापर के पुत्र और इतिहासकार रोमिला थापर के भतीजे थे। उन्होंने अभिनेता शशि कपूर की बेटी और रंगमंच कलाकार संजना कपूर से विवाह किया था।
थापर को वर्ष 2005 में सरिस्का बाघ अभयारण्य से बाघों के लुप्त होने की जांच और संरक्षण रणनीति के लिए गठित ‘बाघ कार्य बल’ का सदस्य भी बनाया गया था। उन्होंने शिकार-रोधी कानूनों और बाघों के प्राकृतिक आवासों की रक्षा के लिए कई वर्षों तक सरकार को सुझाव दिए और सक्रिय भूमिका निभाई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।