Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में बाढ़ की आशंका के बीच दो अस्पतालों को कराया गया खाली, मरीजों को दूसरे हॉस्पिटल में कराया गया शिफ्ट

    Updated: Sat, 06 Sep 2025 05:30 AM (IST)

    दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में पानी भर गया है। प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए सुश्रुत ट्रामा सेंटर और संत परमानंद अस्पताल को खाली करा लिया है। मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है। शुक्रवार को दोनों अस्पताल बंद रहे। पिछली बाढ़ के अनुभव को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

    Hero Image
    बाढ़ की आशंका के बीच दो अस्पतालों को कराया गया खाली। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के निचले इलाकों तक यमुना का पानी पहुंचने पर एहतियात के तौर पर सिविल लाइन स्थित सुश्रुत ट्रामा सेंटर के साथ ही यमुना बाजार स्थित संत परमानंद अस्पताल को खाली कराया गया है।

    मरीजों को सुरक्षित आस-पास के दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया है। एक दिन पहले जहां ओपीडी सेवाएं स्थगित रहीं वहीं शुक्रवार अस्पताल पूरी तरह बंद ही रहे।

    जानकारी के मुताबिक पिछली बार यमुना में आई बाढ़ के दौरान संत परमानंद अस्पताल तक बाढ़ का पानी पहुंच गया था। उस समय अस्पताल को खाली करा लिया गया था।

    इस बार एहतियात के तौर पर अस्पताल को पहले ही खाली करा लिया गया है। सिविल लाइंस स्थित सुश्रुत ट्रामा सेंटर के पांच मरीजों को लोक नायक अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

    इनमें से एक मरीज आइसीयू में भर्ती था, उसे एलएनजेपी के आइसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया है। हालांकि यमुना का पानी अभी ट्रामा सेंटर तक नहीं पहुंचा है।

    लेकिन अधिकारियों ने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सावधानियां बरतने की बात कही है। वहीं संत परमानंद अस्पताल में भर्ती मरीजों को भी सुरक्षित आस-पास के अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें