दिल्ली में पिता को गाली देने पर भाइयों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, पार्किंग में दो दोस्तों की कर दी हत्या
पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में दो भाइयों ने पार्किंग में अपने दो दोस्तों की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान सुधीर उर्फ बंटी और राधे प्रजापति के रूप में हुई है। पुरानी रंजिश के चलते हत्या की आशंका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। हर्ष विहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम गाेलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। दो सगे भाइयों ने पार्किंग में जाकर दो दोस्तों की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित अपनी बाइक से फरार हो गए। सुधीर उर्फ बंटी व इसके दोस्त राधे प्रजापति को जीटीबी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है।
वारदात के दो घंटे तक हर्ष विहार थाना व लोनी बार्डर थाना सीमा विवाद में ही उलझे रहे। आखिर में हर्ष विहार थाना ने हत्या का केस दर्ज किया है। वारदात पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोपितों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
बंटी अपने परिवार के साथ प्रताप विहार में रहते थे। इनका दोस्त राधे भी उसी क्षेत्र में रहता है। दोनों मिलकर लोनी बार्डर के नजदीक पार्किंग चलाते थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि डग्गा व प्रदीप दो सगे भाई हैं जो लोनी में रहते हैं। बंटी का इनसे पुराना विवाद चल रहा है।
तीन दिन पहले बंटी ने प्रदीप के पिता रोहतास को किसी बात पर गाली दे दी थी। आरोप है दोनों भाई इस बात से नाराज चल रहे थे। शुक्रवार शाम को बंटी अपने दोस्त राधे के साथ पार्किंग में बैठे हुए थे।
तभी वहां पर डग्गा और प्रदीप एक बाइक से पहुंचे। यहां उनकी दोनों दोस्तों से कहासुनी हुई। इस दौरान दोनों भाइयों ने पिस्टल निकालकर दोनों पर गोलियां चला दी। दोनों को एक-एक गोली लगी है। गोली चलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर जब आसपास के लोग पार्किंग में पहुंचे तो दोनों दोस्त खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े हुए थे। आरोपित हथियार लहराते हुए वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही लोनी बार्डर व हर्ष विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जख्मी हालत में दोनों को जीटीबी में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
आरोपितों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। फुटेज खंगाले जा रहे हैं। -आशीष मिश्रा, उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।