Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Weather: दिल्ली में कड़ाके की ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड, 11 साल में तीसरा सबसे ज्यादा ठिठुरन भरा दिन रहा गुरुवार; जानें कल का मौसम

    Updated: Thu, 04 Jan 2024 10:08 PM (IST)

    दिल्ली की सर्दी ने दो साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 25 जनवरी 2013 के बाद बृहस्पतिवार (चार जनवरी) को राजधानी सर्वाधिक ठिठुरी। दिन का तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे चला गया। ऑरेंज अलर्ट की ठंड के बीच लोग दिन भर कांपते रहे। शुक्रवार भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है।

    Hero Image
    दिल्ली में कड़ाके की ठंडक ने तोड़ा रिकॉर्ड

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिसंबर भले ही छह साल में सबसे गर्म रहा हो, लेकिन जनवरी में दिल्ली की सर्दी रोजाना नए रंग दिखा रही है। दिल्लीवासी रात को ही नहीं, दिन में भी खूब कंपकंपा रहे हैं। आलम यह है कि दिल्ली की सर्दी ने दो साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 25 जनवरी 2013 के बाद बृहस्पतिवार (चार जनवरी) को राजधानी सर्वाधिक ठिठुरी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सात डिग्री नीचे चला गया तापमान

    दिन का तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे चला गया। ऑरेंज अलर्ट की ठंड के बीच लोग दिन भर कांपते रहे। शुक्रवार भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बृहस्पतिवार की शुरुआत कहीं हल्के तो कहीं मध्यम श्रेणी के कोहरे से हुई।

    सुबह साढ़े पांच बजे आईजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता का स्तर 700 मीटर दर्ज किया गया, जो साढ़े आठ बजे घटकर 500 मीटर रह गया। कोहरे के असर से करीब 180 उड़ानें विलंब की चपेट में आई, जिसमें ज्यादा घरेलू उड़ानें थीं। दिन चढ़ने के साथ दृश्यता तो कुछ सु़धरी, लेकिन बादल दिन भर छाए रहे। इसीलिए सूरज के दर्शन भी पूरे दिन नहीं हुए। लिहाजा, ठिठुरन भरी सर्दी से निजात पाने को या तो दिल्ली वासी रजाई-कंबल में लिपटे रहे या फिर हीटर और अलाव के आगे हाथ सेंकते नजर आए।

    11 साल में तीसरा सबसे ठंडा दिन

    बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह मौजूदा सीजन का ही नहीं बल्कि 25 जनवरी 2022 के बाद जनवरी में सबसे कम अधिकतम तापमान है, तब 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा था। तीन जनवरी 2013 को इससे भी कम 9.8 डिग्री दर्ज किया गया था। उस दृष्टि से 11 साल में यह तीसरा सबसे ठंडा कहा जा सकता है।

    बृहस्पतिवार का दिन सिवियर कोल्ड डे यानी अत्यधिक ठिठुरन भरे ठंडे दिन की श्रेणी में भी रखा गया है। दिल्ली के अन्य इलाकों आयानगर, जाफरपुर, पीतमपुरा और नरेला में भी ठिठुरन भरा ठंडा दिन ही रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 95 से 83 प्रतिशत रहा। अधिकतम तापमान 10.5 और न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस की दृष्टि से जाफरपुर सबसे ठंडा इलाका रहा।

    गुरुग्राम में भी चार डिग्री तक लुढ़का पारा

    इसके अलावा गुरुग्राम में भी कमोवेश ऐसी ही स्थिति रही। दिन का पारा भी तीन से चार डिग्री सेल्सियस लुढककर 11.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बृहस्पतिवार सीजन का सबसे सर्द दिन रहा। न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह घना कोहरा छाया और दिनभर धूप नहीं खिली। दिनभर लोग हीटर और अलाव तापकर सर्दी से बचने का प्रयास करते रहे।

    मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को भी सुबह के समय हल्के से मध्यम श्रेणी का कोहरा होगा। दिन में आसमान साफ रहेगा। ठिठुरन वाले ठंडे दिन की स्थिति भी बरकरार रहेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 13 और छह डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

    मौसम विज्ञानियों ने बताया कि कोल्ड डे की स्थिति बनने के पीछे मुख्य वजह बादल छाए रहना है। सूरज बादलों में छिप रहा है और धूप धरती तक नहीं पहुंच पा रही। हवा में नमी भी है। उत्तर पश्चिमी दिशा से बर्फीली हवा चल रही है। शनिवार को भी बहुत राहत मिलने के आसार नहीं हैं। सोमवार और मंगलवार को हल्की वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद अधिकतम व न्यूनतम तापमान में थोड़ी वृद्धि होगी।

    कोल्ड डे और शीत लहर

    मौसम विभाग के अनुसार जब दिन का तापमान सामान्य की तुलना में 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे दर्ज किया जाता है तो उसे कोल्ड डे कहते हैं। जबकि जब यह 6.5 डिग्री या इससे भी अधिक नीचे जाता है तो उसे सिवियर कोल्ड डे कहा जाता है। इसी तरह जब न्यूनतम तापमान सामान्य की तुलना में 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे दर्ज होता है तो वह शीत लहर की स्थिति होती है, जबकि जब यह 6.5 डिग्री या इससे अधिक नीचे जाता है तो गंभीर श्रेणी की शीत लहर कही जाती है।

    यह भी पढ़ें- Divya Pahuja: होटल में ही रखा दिव्या का शव... कमरे में खून के धब्बे, सीढ़ियों पर मिला कारतूस; कैसे पुलिस को नहीं मिली डेड बॉडी?