Weather Update: गर्मी ने तोड़ा 146 साल का रिकॉर्ड, फरवरी ने छुड़ाए पसीने; औसत तापमान 29.5 डिग्री दर्ज
Delhi Weather Update इस बार फरवरी में ही गर्मी ने नया रिकार्ड बना दिया है। यह महीना 146 वर्षों के दौरान यानी 1877 के बाद देश भर में सर्वाधिक गर्म रहा है। माह का औसत अधिकतम तापमान (29.54 डिग्री सेल्सियस) अभी तक का सर्वाधिक रहा है।

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। इस बार फरवरी में ही गर्मी ने नया रिकार्ड बना दिया है। यह महीना 146 वर्षों के दौरान यानी 1877 के बाद देश भर में सर्वाधिक गर्म रहा है। माह का औसत अधिकतम तापमान (29.54 डिग्री सेल्सियस) अभी तक का सर्वाधिक रहा है, जबकि औसत न्यूनतम तापमान 1901 से लेकर अब तक का पांचवां सर्वाधिक रहा है। उधर दिल्ली में फरवरी की गर्मी ने 17 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है।
2006 के बाद इस साल यह माह सर्वाधिक गर्म रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, मार्च से मई के दौरान भी देशभर के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है। मंगलवार को एक वर्चुअल पत्रकार वार्ता में मौसम विभाग के हाइड्रोमेट और एग्रोमेट एडवाइजरी सर्विसेज के प्रमुख एससी भान ने कहा कि मार्च में लू की संभावना कम थी, लेकिन देश के अधिकांश हिस्सों में अप्रैल और मई में गर्मी के चरम पर पहुंचने का अनुभव हो सकता है।
'हम गर्म होती दुनिया में रह रहे'
यह पूछे जाने पर कि क्या उच्च तापमान जलवायु परिवर्तन का संकेत है, भान ने कहा, ''पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग के दौर में रह रही है। हम गर्म होती दुनिया में रह रहे हैं।'' भान ने कहा कि देश भर में वर्षा का औसत मार्च में सामान्य (लंबी अवधि के औसत का 83-117 प्रतिशत) रहने की संभावना है। 1971- 2020 के आंकड़ों के आधार पर मार्च के दौरान पूरे देश में वर्षा का एलपीए लगभग 29.9 मिमी है।
बारिश होने की उम्मीद
उन्होंने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश क्षेत्रों, पश्चिम-मध्य भारत और पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बरसात होने की उम्मीद है। दूसरी तरफ प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश हिस्सों, पूर्व-मध्य भारत और पूर्वोत्तर भारत के कुछ अलग- अलग इलाकों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है।
ला नीना की स्थिति बनी हुई
वर्तमान में भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में ला नीना की स्थिति बनी हुई है, जिसके कमजोर पड़ने और पूर्व-मानसून सत्र के दौरान अल नीनो दक्षिणी दोलन (ईएनएसओ) तटस्थ स्थितियों में बदलने की उम्मीद थी। उन्होंने कहा कि मानसून के मौसम पर अल नीनो की स्थिति के प्रभाव का पूर्वानुमान लगाना जल्दबाजी होगी।
भान ने कहा, ''मानसून पर अल नीनो के प्रभाव का अनुमान लगाने के लिए अप्रैल बेहतर समय होगा। हम अप्रैल के मध्य में पूर्वानुमान जारी करेंगे।'' 1901 से 2023 के दौरान इन पांच वर्षों में रहा देशभर में सर्वाधिक औसत अधिकतम तापमान साल औसत अधिकतम तापमान2023 29.54 डिग्री से. 2016 29.48 डिग्री से. 2006 29.31 डिग्री से. 2017 29.24 डिग्री से. 2009 29.23 डिग्री से.
1901 से 2023 के दौरान इन पांच वर्षों में रहा देशभर में सर्वाधिक औसत न्यूनतम तापमान
साल औसत न्यूनतम तापमान
2016 16.82 डिग्री से.
1912 16.49 डिग्री से.
1937 16.45 डिग्री से.
2006 16.42 डिग्री से.
2023 16.31 डिग्री से
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।