SIMI आतंकी साकिब नाचन की मौत, तिहाड़ जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में था भर्ती
प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिमी के पूर्व सदस्य साकिब नाचन का दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। ब्रेन हेमरेज के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एनआईए ने 2023 में आईएसआईएस के खिलाफ कार्रवाई में उसे गिरफ्तार किया था। नाचन तिहाड़ जेल में बंद था और मंगलवार को उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया।

पीटीआई, नई दिल्ली। प्रतिबंधित आतंकी संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के पूर्व सदस्य साकिब नाचन का शनिवार (28 जून) को दिल्ली के एक अस्पताल में मौत हो गई। एक अधिकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के ठाणे जिले के पडघा क्षेत्र के निवासी नाचन को चार दिन पहले ब्रेन हेमरेज के बाद राजधानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था।
2023 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आतंकी संगठन आईएसआईएस के खिलाफ देशव्यापी कार्रवाई के तहत पडघा में छापेमारी की थी और कई लोगों को गिरफ्तार किया था, जिसमें नाचन भी शामिल था। तिहाड़ जेल में बंद नाचन की तबीयत मंगलवार (24 जून) को अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच में पाया कि उसे ब्रेन हेमरेज हुआ था।
शनिवार को नाचन की तबीयत अधिक बिगड़ गई
अधिकारी ने बताया कि शनिवार को उसकी हालत और गंभीर हो गई, और दोपहर 12:10 बजे उनकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद उसके शव को परिवार को सौंपा जाएगा। उसका अंतिम संस्कार रविवार को ठाणे के निकट बोरीवली गांव में किया जाएगा।
सिमी से नाचन का लंबा जुड़ाव रहा था। इसे 2001 में भारत सरकार ने गैरकानूनी गतिविधियों के कारण प्रतिबंधित कर दिया था। एनआईए की 2023 की कार्रवाई में नाचन पर आईएसआईएस से संबंधित गतिविधियों में शामिल होने का आरोप था। उसकी गिरफ्तारी के बाद से वह तिहाड़ जेल में बंद था। इस मामले में अन्य आरोपियों की जांच भी जारी है।
एनआईए ने आधिकारिक बयान जारी नहीं किया
नाचन के निधन की खबर से पडघा और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने उसके स्वास्थ्य के बारे में पहले से कोई विशेष जानकारी नहीं होने की बात कही। एनआईए और दिल्ली पुलिस ने इस मामले पर अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।