Shraddha Murder Case: आफताब का नार्को टेस्ट हुआ पूरा, अब रिपोर्ट का इंतजार
Shraddha Murder Case पॉलीग्राफ टेस्ट के बाद आज श्रद्धा हत्याकांड के आरोपित आफताब का नार्को टेस्ट किया गया है। इससे पहले पॉलीग्राफ टेस्ट में आफताफ ने बताया था कि उसने श्रद्धा के शव को जंगलों में फेंका है। इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस आज फिर सर्च ऑपरेशन चलाएगी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Shraddha Murder Case: दिल्ली के महरौली इलाके में हुए श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपित आफताब अमीन पूनावाला का आज गुरुवार को रोहिणी स्थित अंबेडकर अस्पताल में नार्को टेस्ट किया गया है। यह टेस्ट करीब दो घंटे तक चला। अब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उम्मीद जाताई जा रही है कि इस टेस्ट से पुलिस को कुछ अहम जानकारियां मिलेंगी। टेस्ट प्रक्रिया के दौरान अस्पताल के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
इससे पहले मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने बताया था कि पॉलीग्राफ टेस्ट में आफताब ने अपना जुर्म कबूल किया था। उसने श्रद्धा की हत्या और शव के टुकड़े फेंकने की बात कबूली थी। आफताब ने बताया था कि रिश्ते में शक के चलते श्रद्धा उससे दूर जाना चाहती थी, जिसके कारण उसने उसकी हत्या कर दी।
सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम
सोमवार को रोहिणी के एफएसएल से पॉलीग्राफ टेस्ट के बाद आफताब को लेकर जा रही पुलिस वैन पर कुछ हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया था। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद आफताब की सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस और अधिक सतर्क हो गई है।
बार सामने आई नई गर्लफ्रेंड पहली
श्रद्धा की हत्या के सिर्फ 12 दिन बाद आफताब एक डेटिंग ऐप से नई युवती के संपर्क में आया था, जो बाद में उसकी गर्लफ्रेंड बन गई। बुधवार को दिल्ली पुलिस ने पेशे से डॉक्टर युवती का बयान दर्ज किया।
समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अक्टूबर में आफताब ने नई गर्लफ्रेंड को दो बार अपने फ्लैट पर बुलाया था। इस दौरान श्रद्धा के शव के कुछ टुकड़े घर में ही मौजूद थे। युवती ने दिल्ली पुलिस को बताया कि आफताब का व्यवहार बिल्कुल सामान्य था, जिसके कारण उसे कभी भी शक नहीं हुआ।