Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Delhi Good News: शहीद मंगल पांडेय रोड पर लोगों को जल्द मिलेगी जाम से मुक्ति, सिग्नल फ्री करने के लिए दो चरणों में होगा काम

    By Pradeep Kumar ChauhanEdited By:
    Updated: Mon, 25 Jul 2022 03:02 PM (IST)

    Shaheed Mangal Pandey Road अशोक नगर से भोपुरा बार्डर तक यातायात सिग्नल फ्री किया जाएगा। दोनों चरण की परियोजनाएं पूरी होने के बाद भोपुरा से लेकर भजनपुरा तक करीब छह किलोमीटर के बीच लोगों को जाम से निजात मिल जाएगी।

    Hero Image
    Shaheed Mangal Pandey Road: इस कार्य को दिसंबर 2023 तक पूरा किए जाने का लक्ष्य है।

    नई दिल्ली [वी के शुक्ला]। Shaheed Mangal Pandey Road: शहीद मंगल पांडेय रोड यानी वजीराबाद रोड को सिग्नल फ्री करने की योजना पर अब दो चरणों में काम पूरा होगा। इसके दूसरे भाग के तहत नंद नगरी से गगन सिनेमा के पास स्थित लालबत्ती तक फ्लाईओवर, जबकि लोनी गोलचक्कर पर अंडरपास बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना के लिए सरकार से प्रशासनिक अनुमति मांगी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दूसरे भाग की परियोजना का काम पूरा होने पर अशोक नगर से भोपुरा बार्डर तक यातायात सिग्नल फ्री किया जाएगा। दोनों चरण की परियोजनाएं पूरी होने के बाद भोपुरा से लेकर भजनपुरा तक करीब छह किलोमीटर के बीच लोगों को जाम से निजात मिल जाएगी।

    शहीद मंगल पांडेय रोड को पहले चरण के तहत भजनपुरा से लेकर गोकुलपुरी तक सिग्नल फ्री किए जाने के लिए करीब एक साल पहले काम शुरू हो चुका है। इसके तहत इस मार्ग के पहले भाग में यमुना विहार के सामने डीएमआरसी द्वारा मेट्रो के पिलर पर फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। यानी एक ही पिलर पर ऊपर मेट्रो और नीचे वाले भाग पर वाहन दौडेंगे। इस कार्य को दिसंबर 2023 तक पूरा किए जाने का लक्ष्य है।

    परियोजना के दूसरे चरण में नंद नगरी लालबत्ती से गगन सिनेमा के पास टी-प्वाइंट लालबत्ती तक करीब सवा किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनेगा जो भजनपुरा से जाने वाले यातायात को बगैर रोक-टोक के भोपुरा बार्डर तक गुजार देगा। इससे लोग गाजियाबाद में बगैर किसी व्यवधान के प्रवेश कर जाएंगे। इसके बन जाने के बाद इस मार्ग पर कोई भी लालबत्ती नहीं बचेगी।

    वाहन चालकों का समय और उनका ईंधन बच सकेगा। इसके साथ ही इसी परियोजना के तहत लोनी गोल चक्कर पर अंडरपास बनेगा। इससे लोनी की ओर से शाहदरा की ओर वाहनों का आना-जाना आसान हो जाएगा। इस मार्ग को सिग्नल फ्री किए जाने के लिए वर्षो पहले योजना बनाई गई थी, मगर किसी न किसी कारण से लटकती रही है।

    लोक निर्माण विभाग का चार्ज संभालने के बाद से उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ढांचागत विकास की परियोजनाओं पर ध्यान दे रहे हैं। माना जा रहा है कि सरकार इस मार्ग के दूसरे भाग के तहत तैयार की गई इस परियोजना को जल्द अनुमति दे सकती है।