Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल को तगड़ा झटका, सीनियर नेता ने थामा भाजपा का दामन

    By Mangal YadavEdited By:
    Updated: Fri, 24 Dec 2021 05:17 AM (IST)

    दिल्ली में भाजपा ने शिरोमणि अकाली दल (शिअद बादल) को तगड़ा झटका दिया है। वरिष्ठ नेता और पार्टी उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह भोगल अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया

    Hero Image
    सीनियर नेता कुलदीप सिंह भोगल भाजपा में शामिल

    नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली में दिल्ली में शिरोमणि अकाली दल (शिअद बादल) को भाजपा ने तगड़ा झटका दिया है। दिल्ली में पार्टी उपाध्यक्ष और 1984 सिख विरोधी दंगा पीड़ित राहत कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह भोगल अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता व अन्य नेताओं ने उनका पार्टी में स्वागत किया। माना जा रहा है कि भाजपा उन्हें पंजाब चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के प्रचार के लिए उतार सकती है। इससे पहले शिअद के वरिष्ठ नेता मनजिंदर सिंह सिरसा भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। बता दें कि अगले कुछ ही महीनों में पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके लिए भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी से गठबंधन किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस मौके पर आदेश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सिखों को भरोसा है। यही कारण है कि भोगल जैसे वरिष्ठ नेता शिअद बादल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। इन्होंने सिख विरोधी दंगा पीड़ितों को इंसाफ दिलाने के लिए लंबा संघर्ष किया है।

    उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में सिख विरोधी दंगे के दोषियों को सज़ा दिलाने के लिए काम में तेजी आई है। मोदी सरकार ने सिख समाज को सम्मान देने और गौरव बढ़ाने का काम किया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि सिखों के बीच भाजपा की छवि पहले से ज्यादा मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि शिअद बादल अपने उद्देश्य से भटक गया है।

    कुलदीप सिंह भोगल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से प्रेरित होकर वह पिछले 36 सालों से 1984 के सिख विरोधी दंगे के पीड़ितों को इंसाफ दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मोदी सरकार दोषियों की पहचान कर उन्हें सजा दिला रही है। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजन तिवारी, प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल, प्रदेश मंत्री सरदार इम्प्रीत सिंह बख्शी, प्रदेश मीडिया सह-प्रमुख ममता काले एवं प्रदेश सिख प्रकोष्ठ के प्रभारी कुलदीप सिंह मौजूद थे।