Satish Kaushik Death Case: विकास मालू के पूसा रोड स्थित पुश्तैनी घर पर हुई पुलिस अधिकारियों की डील
मशहूर अभिनेता सतीश कौशिक मामले में कई चौंकाने वाली जानकारी सामने आ चुकी है। अब एक और हैरान करने वाली जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि अभिनेता ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। प्रसिद्ध फिल्मकार व अभिनेता सतीश कौशिक मौत मामले में एक और नई चौकाने वाली जानकारी सामने आइ है। पहले तो आठ मार्च की रात सतीश की मौत की सूचना मिलने पर रातभर विकास व उसके करीबियों की दिल्ली पुलिस के कुछ विशेष आयुक्त स्तर के अधिकारियों से मामले को दबाने को लेकर डील हुई। 2 दिन बाद मामला मीडिया के सुर्खियों में आने व उसके बाद विकास की दूसरी पत्नी सान्वी द्वारा 15 करोड़ के लेनदेन को लेकर सतीश की हत्या कराने का आरोप लगाने पर विकास पर जब दबाव बढा।
तब उसकी पूसा रोड स्थित पुश्तैनी घर में पुलिस अधिकारियों से दूसरी बड़ी डील हुई। उक्त डील पूरे मामले की जांच दबाने को लेकर हुई है। देर रात यह सब होने के बावजूद मुख्यालय को इसकी जानकारी मिल गई। ऐसे में अब यह मामला कुछ पुलिस अधिकारियों के लिए गले की फांस बन सकता है।
पुलिस को दिया करोड़ों का ऑफर
पुलिस का कहना है कि विकास पर दुष्कर्म का आरोप होने के कारण होली की रात तब उसके बिजवासन स्थित पुष्पांजलि मालू फार्म हाउस में सतीश की तबियत बिगड़ने पर उनकी मौत हो गई तब विकास बेहद घबरा गया था। वह नहीं चाह रहा था कि मीडिया के जरिए लोगों को यह पता लग जाए कि सतीश दिल्ली में किसके यहां आए थे। उनकी मौत कहां व कैसे हुई। इसको लेकर विकास व उसके करीबी बिल्डर व ज्वेलर दोस्ताें ने रात में ही कुछ विशेष आयुक्त को फोन कर मामले को दबाने के लिए करोड़ों का ऑफर दिया।
पुलिस मामले को दबाने में सफल हो गई थी। होली के अगले दिन सतीश के मैनेजर संतोष राय ने मीडिया को केवल यह बताया कि होली वाले दिन सतीश कौशिक दिल्ली आए थे। रात में उनकी तबियत बिगड़ी। उपचार के जब उन्हें गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया तब उनकी मौत हो गई। डाक्टरों ने आर्ट अटैक से मरने की पुष्टि की। दो दिन बाद जब सतीश कौशिक की मौत की जानकारी मीडिया में आइ।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
दिल्ली पुलिस पर सवाल उठने लगे तब जाकर दिल्ली पुलिस ने अधिकारिक तौर पर बयान जारी कर पूरी घटना के बारे में सफाई दी। मामला तुल पकड़ने पर विकास की दूसरी पत्नी सान्वी ने पति पर बड़ा आरोप लगाते हुए सनसनी फैला दी थी। पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा को भेजे शिकायत में सान्वी ने आरोप लगाया कि 15 करोड़ के व्यावसायिक लेनदेन को लेकर उसके पति ने सतीश की हत्या कराई है। हालांकि, इस पर विकास ने भी इंस्टाग्राम के जरिए सफाई दी कि उसने ऐसा कुछ नहीं किया है। सतीश से उसका 30 साल पुराना पारिवारिक रिश्ता है।
पुलिस ने लोगों के बयान किए दर्ज
पुलिस ने फार्म हाउस जाकर जांच भी शुरू कर दी। एफएसएल ने भी फार्म हाउस जाकर नमूने उठाए। 30-40 लोगों के बयान दर्ज किए जाने व सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के दावे किए। पुलिस ने दावा किया कि जांच में ऐसा कुछ नहीं मिल पाया है जिससे यह पता लग पाए कि सतीश की हत्या की गई है। विसरा रिपोर्ट से मौत के सही कारण का पता लगने की बात कही गई। घटना के 24 दिन बीत जाने के बावजूद विसरा रिपोर्ट पुलिस को नहीं मिल पाई है।
विकास मालू पर दर्ज है दुष्कर्म का केस
कुबेर गुटखा कंपनी के मालिक विकास मालू पर दुष्कर्म का केस दर्ज है। उसी फार्म हाउस में पाक्सो के भी दो अन्य केस दर्ज हैं। उक्त तीनों मामले को दर्ज हुए करीब चार माह बीत चुके हैं। लेकिन अबतक पुलिस द्वारा किसी भी मामले में कार्रवाई नहीं करने पर सवाल उठने लगे हैं। सवाल है कि अगर उक्त तीनों मामले में आरोप फर्जी थे तब पुलिस ने केस ही दर्ज क्यों किया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।