दिल्ली में संजय कपूर का अंतिम संस्कार, करिश्मा और करीना कपूर ने दी अंतिम विदाई
कारोबारी संजय कपूर का पार्थिव शरीर दिल्ली के दयानंद घाट मुक्तिधाम लाया गया जहाँ परिवार और मित्रों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। उनकी पत्नी प्रिय कपूर पूर्व पत्नी करिश्मा कपूर बच्चों समायरा सफीरा कियान और अजारियस के साथ अभिनेता सैफ अली खान और करीना कपूर भी शामिल हुए। परिजनों ने परिवार को ढांढस बंधाया। संजय कपूर का अंतिम संस्कार इलेक्ट्रॉनिक शवदाह गृह में किया गया।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। निजामुद्दीन स्थित दयानंद मुक्तिधाम में बृहस्पतिवार को बिजनेसमैन संजय कपूर का अंतिम संस्कार किया गया। नम आंखों के साथ बड़े बेटे कियान कपूर ने दाह संस्कार की रस्में पूरी की। अंतिम अरदास में जहां गुरुग्रंथ साहिब का पाठ किया गया, वहीं स्वजन संग पूर्व पत्नी करिश्मा कपूर, अभिनेता सैफ अली खान व करीना कपूर खान ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
बता दें कि विगत 12 जून को इंग्लैंड के विंडसर में पोलो मैच के दौरान संजय कपूर का निधन हो गया था। आठ दिन बाद उनका पार्थिव देह दिल्ली लाया गया। दयानंद मुक्तिधाम में शाम पांच बजे अंतिम अरदास शुरू हुआ। गुरुग्रंथ साहिब के पाठ के बीच परिवार के साथ ही करीबी लोगों ने अंतिम विदाई दी।
पूर्व पत्नी करिश्मा कपूर अपने दोनों बच्चों समायरा व कियान, बहन करीना कपूर और बहनोई सैफ अली खान के साथ मुक्तिधाम पहुंचीं। बड़ा बेटा होने के नाते कियान ने अंतिम रस्म निभाई। इस दौरान करिश्मा कभी संजय की वर्तमान पत्नी प्रिया कपूर तो कभी बेटी समायरा को ढांढस बंधाती नजर आयीं। दाह संस्कार इलेक्ट्रिक शवदाहगृह में किया गया।
पूर्व पत्नी करिश्मा कपूर से संजय के दो बच्चे समायरा व कियान हैं। वहीं वर्तमान पत्नी प्रिया से भी एक बेटा अजारियस है। संजय से प्रिया की यह दूसरी शादी है। पहले पति से उनकी एक बेटी सफीरा भी है।
इंग्लैंड में पोलो खेलते हुए हार्ट अटैक से हुई थी मौत
दिल्ली के बिजनेसमैन संजय कपूर का 53 वर्ष की आयु में विगत 12 जून को निधन हो गया था। इससे ठीक पहले उन्होंने गुजरात में हुए प्लेन क्रैश की घटना को लेकर एक्स पर दुख जताया था। उनके निधन की वजह पोलो खेलते हुए हार्ट अटैक बताई जा रही है। हालांकि, उनके दोस्त का ये भी कहना है कि जब वह पोलो खेल रहे थे, तो उस दौरान उनके गले में मधुमक्खी चली गई थी, जिसकी वजह से अभिनेता गिर पड़े और जब उन्हें अस्पताल लाया गया, तो डॉक्टर ने संजय को मृत घोषित कर दिया। उनकी आखिरी कुछ पोस्ट में जीवन से जुड़े प्रेरणादायक संदेश भी थे। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा था, “आपका समय सीमित है, इसलिए ‘क्या होता अगर'' छोड़ो और ‘क्यों नहीं'' पर फोकस करो।”
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।