दिल्ली वालों के लिए बड़ी राहत: इस इलाके में बन सकता है फ्लाईओवर; 50 हजार से ज्यादा लोगों को जाम से मिलेगा छुटकारा
दिल्ली वालों को बड़ी राहत मिलने वाली है। साकेत मैक्स अस्पताल के बाहर पंडित त्रिलोक चंद शर्मा मार्ग पर लगने वाले जाम से जल्द मुक्ति मिलेगी। पीडब्ल्यूडी सड़क चौड़ी करेगा। इसके साथ ही फ्लाईओवर बनाने पर भी विचार हो रहा है। अभी अकसर इस रोड पर लंबा जाम लगता है। जानिए ट्रैफिक पुलिस ने पीडब्ल्यूडी विभाग को काम के लिए क्या-क्या शर्तें रखी हैं।

शनि पाथौली, दक्षिणी दिल्ली। साकेत स्थित मैक्स सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल के बाहर पंडित त्रिलोक चंद शर्मा मार्ग पर दिनभर जाम से जूझने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। पीडब्ल्यूडी की तरफ से इस मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसको लेकर यातायात पुलिस ने विभाग को काम के लिए एनओसी भी जारी कर दी है। इसके अलावा यहां पर फ्लाईओवर बनाने की संभावना पर भी काम किया जा रहा है।
एक किलोमीटर तक रोड के दोनों तरफ लगता है जाम
पंडित त्रिलोक चंद शर्मा मार्ग पर मैक्स अस्पताल के बाहर से गुजरने वाले वाहन चालक प्रतिदिन जाम से जूझते हैं। इस मार्ग की तीन में एक लेन पर वाहनों का भयंकर अतिक्रमण रहता है। अवैध पार्किंग में खड़े होने वाले करीब 80 फीसदी वाहन अस्पताल में आने वाले मरीजों व उनके स्वजन के होते हैं। इससे मार्ग पर करीब एक किलोमीटर तक रोड के दोनों तरफ जाम लगा रहता है।
पैदल चलने के लिए भी नहीं मिलता रास्ता
सुबह और शाम को तो पैदल चलने के लिए भी रास्ता नहीं मिलता। अतिक्रमण की समस्या को दैनिक जागरण ने कई बार प्रमुखता से प्रकाशित किया। अब पीडब्ल्यूडी इस मार्ग का चौड़ीकरण करेगी, ताकि यहां यातायात को सामान्य किया जा सके। यातायात पुलिस ने भी विभाग को एनओसी जारी कर दी है।
पुलिस की इन शर्तों का करना होगा पालन
- यातायात पुलिस ने हौज रानी से प्रेस एन्क्लेव अपार्टमेंट तक सड़क को चौड़ा करने की अनुमति दी है। इसके तहत काम शुरू करने से पहले सर्विस रोड और फुटपाथ साफ हो और इन्हें चौड़ा किया जाए।
- अरबिंदो मार्ग की तरफ से अतिरिक्त लेन बनाई जाए। नई लेन पर पर्याप्त बैरिकेडिंग की जाए।
- काम शुरू करने से पहले संबंधित भूमि स्वामित्व एजेंसी से पूर्व अनुमति प्राप्त की जानी चाहिए।
- यातायात प्रबंधन के लिए साइट पर मार्शलों की तैनाती हो।
- सभी जगहों पर डायवर्जन चेतावनी व सूचना बोर्ड लगाए जाएं।
- कार्य के दौरान चेतावनी देने वाली इलेक्ट्रिक बीकन लाइट के साथ पर्याप्त बैरिकेडिंग हो।
- आपात स्थिति में अनुमति वापस ले ली जाएगी। कार्य निर्धारित समय में पूरा न होने पर दोबारा अनुमति लेनी होगी।
फ्लाईओवर बनाने पर विचार कर रहा विभाग
सड़क चौड़ीकरण के अलावा इस मार्ग पर फ्लाईओवर बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। इसको लेकर भी विभाग स्टडी कर रहा है। इसका काम पीडब्ल्यूडी की फ्लाईओवर बनाने वाली युनिट कर रही है। यह फ्लाईओवर मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन से हौजरानी को पार करते हुए रेड लाइट से आगे तक बनाया जाएगा।
50 हजार से अधिक वाहन चालक झेलते है परेशानी
वर्तमान में इस मार्ग से प्रतिदिन गुजरने वाले 50 हजार से अधिक वाहन चालक जाम में फंसते हैं। यहां पर एमसीडी की दो पार्किंग में से एक में 125 चार पहिया और 22 दो पहिया वाहन खड़े किए जा सकते हैं।
दूसरी 69 चार पहिया वाहन खड़े किए जा सकते हैं। इसके बावजूद पार्किंग ठेकेदार सर्विस लेन से लेकर फुटपाथ तक वाहन खड़े कराते हैं। अस्पताल में प्रतिदिन करीब दो हजार मरीज आते हैं, जबकि अस्पताल में करीब 500 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है।
साकेत सर्किल में 80 फीसदी चालान मैक्स अस्पताल के बाहर किए
वहीं, यातायात पुलिस ने साकेत सर्किल में जनवरी से अक्टूबर माह तक कुल 22612 चालान किए हैं। कुल चालान में से करीब 80 फीसदी मैक्स अस्पताल के बाहर सड़क पर खड़े वाहनों के किए गए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।