योग गुरु रामदेव ने की पीएम प्रतिभा पुरस्कार की घोषणा, सीबीएसई और राज्य बोर्ड के टॉपरों को मिलेगा
योग गुरु रामदेव ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री प्रतिभा पुरस्कार का एलान किया। सीबीएसई और राज्य बोर्ड के टॉपर्स को 11000 से 51000 रुपये तक के नकद पुरस्कार मिलेंगे। रामदेव ने मोदी को हिमालय जैसा अडिग व्यक्तित्व बताया जिनकी जीवन यात्रा हर नागरिक को प्रेरित करती है। उन्होंने भारत को 35 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने और शिक्षा प्रणाली को भारतीय मूल्यों से जोड़ने का संकल्प लिया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। योग गुरु रामदेव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन्मतिथि पर ''प्रधानमंत्री प्रतिभा पुरस्कार'' की घोषणा की है। इस पुरस्कार के तहत सीबीएसई और स्टेट बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वाले छात्र-छात्राओं को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार राशि 11,000 से लेकर 51,000 तक होगी।
रामदेव ने पीएम मोदी को हिमालय जैसा अडिग और विशाल व्यक्तित्व बताया। कहा कि मोदी का जीवन संघर्ष हर आम नागरिक को यह संदेश देता है कि चाहे वह चाय बेचने वाले का बेटा हो या किसान का पुत्र, उसे भी असाधारण बनने का अवसर मिल सकता है। यह विचार भारत को आगे बढ़ाने की प्रेरणा है और भारत को वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जा सकता है।
रामदेव ने कहा कि भारत अब 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है, लेकिन यहीं नहीं रुकना चाहिए। हमें अमेरिका से आगे बढ़ते हुए 35 ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य रखना चाहिए।
उन्होंने ‘मैकाले की गुलाम शिक्षा नीति’ से मुक्ति का संकल्प लेते हुए कहा कि अगले 25 वर्षों तक चलने वाले अभियान के तहत भारत की शिक्षा प्रणाली को देश के आत्मा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत को आत्मनिर्भर और विश्व नेतृत्व की दिशा में अग्रसर बताते हुए उनकी दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।