Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली चुनाव के रण में होगी राहुल गांधी की वापसी, 28 जनवरी से भरेंगे हुंकार; खराब तबीयत के कारण अभी तक थे दूर

    Updated: Fri, 24 Jan 2025 11:13 PM (IST)

    राहुल गांधी 28 जनवरी से दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार में फिर से सक्रिय होंगे। वह गले के संक्रमण और वायरल बुखार की चपेट में आ गए थे। डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल आराम करने और भाषण न देने की सलाह दी है। प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खरगे भी 28 जनवरी से प्रचार करेंगे। कांग्रेस ने 40 स्टार प्रचारकों की भी लिस्ट जारी की है।

    Hero Image
    28 जनवरी से दिल्ली चुनाव के लिए प्रचार करेंगे राहुल गांधी।

    संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए फिलहाल सवालों और संशय के कठघरे में नजर आ रहा कांग्रेस का चुनाव प्रचार अब 28 जनवरी से जोर पकड़ेगा। मुख्य तौर पर रैलियों व जनसभाओें का ही शेडयूल तैयार किया गया है। कहा जा रहा है कि इनमें पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही नहीं, स्टार प्रचारकों उपस्थिति भी रहेगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गौरतलब है कि पहले 22 से 24 जनवरी तक लगातार तीन दिन वरिष्ठ पार्टी नेता राहुल गांधी की क्रमश: इंद्रलोक, मुस्तफाबाद और मादीपुर की जनसभाएं तय की गई थीं। लेकिन पार्टी सूत्र बताते हैं कि इससे पहले राहुल बिहार के एक राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, जहां वह गले के संक्रमण और वायरल बुखार की चपेट में आ गए। डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल आराम करने और भाषण न देने की सलाह दी है। लिहाजा, उनकी सभी जनसभाएं रद्द कर दी गईं।

    कांग्रेस हाथ पर हाथ धरे बैठी हुई 

    दूसरी तरफ यदि राहुल गांधी को अस्वस्थ मान भी लिया जाए तो दिल्ली के चुनावी रण में प्रियंका वाड्रा और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अनुपस्थिति भी सवाल खड़े करती है। एक ओर आप की ओर से उनके तमाम प्रमुख नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान एक एक दिन में कई कई जगह प्रचार कर रहे हैं वहीं भाजपा की ओर से भी कई राज्यों के मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री मोर्चा संभाले हुए हैं। लेकिन कांग्रेस राहुल की सेहत का बहाना बना हाथ पर हाथ धरे बैठी नजर आ रही है।

    चुनाव प्रचार का सारा शेडयूल 28 से प्लान किया जा रहा

    हालांकि पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के चुनाव प्रचार में थोड़ी ढील देने की वजह राहुल गांधी की बीमारी के साथ साथ पार्टी का राष्ट्रीय स्तर पर चल रहा अभियान जय बापू, जय भीम, जय संविधान रैली भी है। सोमवार को इसका एक बड़ा कार्यक्रम संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली महू में भी रखा गया है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पार्टी के तमाम बड़े रविवार को ही निकल जाएंगे और सोमवार की रात तक ही वापस लौटेंगे। इसलिए अब चुनाव प्रचार का सारा शेडयूल 28 से ही प्लान किया जा रहा है।

    पार्टी सूत्रों के 28 जनवरी से राहुल, प्रियंका, खरगे और 40 स्टार प्रचारकों सहित अनेक बड़े नेता अलग अलग जगह कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार करते हुए नजर आएंगे। शीर्ष नेतृत्व के प्रचार को लेकर लोकेशन अभी तय की जा रही हैं।

    राहुल गांधी अस्वस्थ हैं, इसलिए मजबूरी में उनका चुनाव प्रचार स्थगित किया गया। 28 जनवरी से वह फिर सक्रिय हो जाएंगे। उनके साथ ही प्रियंका गांधी वाड्रा एवं खरगे जी के प्रचार कार्यक्रम का शेडयूल भी फाइनल किया जा रहा है। -देवेंद्र यादव, अध्यक्ष, दिल्ली कांग्रेस

    यह भी पढ़ेंः पूर्वांचलियों को साधने के लिए कांग्रेस ने खेला बड़ा दांव, सत्ता में आने पर 'पूर्वांचल मंत्रालय' बनाने का वादा