यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 10, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली में आपात स्थिति से निपटने की तैयारी, CM रेखा गुप्ता ने विभागों को दिए ये निर्देश
दिल्ली में आपात स्थिति से निपटने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विभागों के साथ बैठक की। उन्होंने अस्पतालों को ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। India-Pakistan tension: एक तरफ भारत-पाकिस्तान तनाव चल रहा है। वहीं पर दूसरी तरफ देश के अलग-अलग राज्य किसी तरह के हवाई हमले होने पर आपात स्थिति से निपटने की तैयारी में जुट गए हैं। इसी के मद्देनजर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कई विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस बैठक में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों की तैयारी की समीक्षा हुई। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों की तैयारी, एम्बुलेंस की उपलब्धता, दवाओं व सामग्रियों के पर्याप्त भंडारण करने के निर्देश दिए गए।
गहन चिकित्सा इकाइयों में विद्युत बैकअप सुनिश्चित करने एवं चिकित्सकीय और पारामेडिकल स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर ड्यूटी रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए
इसके अलावा राजस्व विभाग को DDMAs को सक्रिय करने, आश्रय स्थलों की पहचान और आपात तैनाती के लिए CDVs को संवेदनशील बनाने के निर्देश दिए गए एवं सशस्त्र बलों, रेलवे और हवाई अड्डा प्राधिकरणों से समन्वय स्थापित करने के लिए भी कहा गया।
पावर विभाग को बिजली जाने की स्थिति में तैयारी रखने और आवश्यक सेवाओं के लिए बैकअप बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गृह व पुलिस विभाग को परिचालन तत्परता और जल-विद्युत आपूर्ति की सुरक्षा बनाए रखने के आदेश दिए गए।
PWD, MCD, NDMC आदि को आपात स्थिति में अवसंरचना निर्माण हेतु ठेकेदारों व मशीनरी की सूची तैयार रखने के निर्देश दिए। DTC व DMRC को आपात योजना व निकासी हेतु रूट मैप्स व फ्लीट प्रबंधन तैयार करने को कहा। दमकल विभाग को अलर्ट स्थिति में रहने के निर्देश दिए गए।
