Delhi Mayor Election: पूरी तरह से चुनाव के मूड में भाजपा, महापौर इलेक्शन की कमान संभालेंगे विजेंद्र गुप्ता
दिल्ली नगर निगम चुनाव में महापौर चुनाव के लिए भाजपा पूरी तैयारी कर रही है। किसी भी प्रकार की गलती न हो इसके लिए भाजपा ने अपने आला नेताओं की तैनाती कर दी है। पूर्व महापौर को जिम्मेदारी दी गई है कि वह पार्षदों के संपर्क में रहे।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली नगर निगम चुनाव में महापौर चुनाव के लिए भाजपा पूरी तैयारी कर रही है। किसी भी प्रकार की गलती न हो इसके लिए भाजपा ने अपने आला नेताओं की तैनाती कर दी है। पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में विभिन्न पूर्व महापौर को जिम्मेदारी दी गई है कि वह पार्षदों के संपर्क में रहने के साथ-साथ उनकी शंकाओं को भी दूर करें।
यह नेता पर्दे के पीछे रहकर कार्य करेंगे। इतना ही नहीं पार्षदों और इन नेताओं की बैठक रविवार को होनी है। जिसमें तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही पार्षदों की हर गतिविधि पर भी इन नेताओं की नजर रहेंगे।
जानें सूत्रों ने क्या कहा
दिल्ली भाजपा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक भाजपा महापौर से लेकर स्थायी समिति के किसी भी चुनाव को हल्के में नहीं ले रही है। उनकी कोशिश दोनों चुनाव में पूरी ताकत से चुनाव लड़ना है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो इसलिए इन नेताओं को तैनात किया है। इसमें पूर्व महापौर आरती मेहरा, सुभाष आर्य, जय प्रकाश, नरेंद्र चावला, महेंद्र नागपाल और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव बब्बर शामिल है। सभी को अलग-अलग जोन दिए गए हैं। साथ ही अपने सभी पार्षदों को निर्देश दिया है कि वह उनके संपर्क में रहे। सूत्रों के मुताबिक रविवार दोपहर में भाजपा पार्षदों से लेकर इन नेताओं की प्रदेश कार्यालय बैठक भी होगी। जिसमें सभी पार्षदों को वोट करने के तरीके से अवगत कराया जाएगा। साथ ही डमी वोटिंग भी कराई जाएगी।
हर एक वोट है महत्वपूर्ण
महापौर और उप महापौर चुनाव से लेकर स्थायी समिति के छह सदस्यों के चुनाव के लिए भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) का एक-एक वोट महत्वपूर्ण है। एक भी वोट गलत डला तो वह किसी के पक्ष में राजनीतिक समीकरण बना सकता है और किसी के पक्ष में तो किसी के विरोध में बना सकता है। ऐसे में भाजपा और आम आदमी पार्टी (अाप) अपने पार्षदों को वोट डालने के लिए प्रशिक्षित कर रहे हैं। चूंकि कई पार्षद पहली बार जीत कर आए हैं ऐसे में दोनों दलों को लग रहा है कि कुछ सदस्य गलत वोट डाल सकते हैं।
महापौर और उप महापौर चुनाव के लिए यह वोट अहम होगा ही बल्कि स्थायी समिति के छह सदस्यों के लिए भी महत्वपूर्ण होगा। छह पदों में से चार पदों पर आप ने प्रत्याशी उतारे हैं जबकि भाजपा ने तीन पदों पर प्रत्याशी उतारे हैं। ऐसे में आप जहां चौथा पद कब्जाने की जुगत में भाजपा तीन पद। वर्तमान राजनीतिक समीकरण भाजपा के पक्ष में है। अगर, क्रोस वोटिंग हुई तो यह समीकरण आप के पक्ष में भी जा सकते हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।