Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अब इस नाम से जाना जाएगा प्रगति मैदान, इंदिरा गांधी से है खास कनेक्शन; 52 साल पहले ऐसे बना था दिल्ली की पहचान

    Updated: Sat, 09 Mar 2024 10:10 AM (IST)

    देश दुनिया में दिल्ली की पहचान बन चुका प्रगति मैदान अब नए नाम से जाना जाएगा। अब प्रगति मैदान को भारत मंडपम कहा जाएगा। प्रगति मैदान आईटीपीओ देखता है उसने अपनी वेबसाइट से लेकर प्रगति मैदान के प्रवेश द्वार तक पर इसका नाम बदल दिया है। अब सब जगह इसका नाम भारत मंडपम हो चुका है। करीब 52 साल पहले इंदिरा गांधी ने इसका नाम प्रगति मैदान रखा था।

    Hero Image
    प्रगति मैदान के गेट नंबर 4 पर लिखा गया भारत मंडपम। ध्रुव कुमार

    संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी की पहचान प्रगति मैदान अब भारत मंडपम के नाम से जाना जाएगा। भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) ने समूचे परिसर का ही नाम भारत मंडपम कर दिया है।

    जबकि अब तक जिसे भारत मंडपम कहा जा रहा था और जहां जी-20 शिखर सम्मेलन भी हुआ था, उसका नाम अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी व सम्मेलन केंद्र होगा।

    वेबसाइट से लेकर प्रवेश द्वार तक सब जगह बदला नाम

    इस बदलाव के तहत आईटीपीओ की वेबसाइट पर ही नहीं, बल्कि प्रवेश द्वारों पर भी भारत मंडपम लिखा जाना शुरू कर दिया गया है।

    1972 से पहले ये थी पहचान

    गौरतलब है कि पहले एग्जीबिशन ग्राउंड से पहचाने जाने वाले इस स्थान को प्रगति मैदान का नाम देश की आजादी के रजत जयंती वर्ष 1972 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने दिया था। उसी वर्ष में यहां एशिया 72 प्रदर्शनी लगी थी और इसका उदघाटन भी उन्होंने ही किया था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तब से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मेला स्थल के रूप में प्रगति मैदान देश-विदेश सभी जगह लोकप्रिय हो गया। यदि यह कहा जाए कि प्रगति मैदान दिल्ली की पहचान बन गया है तो शायद गलत नहीं होगा।

    52 साल बाद अब बदला नाम

    लगभग 52 साल बाद अब प्रगति मैदान का नाम भारत मंडपम कर दिया गया है। औपचारिक रूप से इसकी शुरुआत बृहस्पतिवार से ही यहां लगे पांच दिवसीय 38वें अंतरराष्ट्रीय खाद्य एवं आतिथ्य मेला-आहार-2024 से हुई है।

    इस मेले से जुड़े विज्ञापनों, निमंत्रण- पत्रों, टिकटों एवं पास वगैरह में सभी जगह प्रगति मैदान का नहीं बल्कि भारत मंडपम का नाम दिया गया है।

    इसलिए बदला गया नाम

    यहां तक कि आईटीपीओ की वेबसाइट और इसके प्रवेश द्वारों पर भी प्रगति मैदान की बजाए अब भारत मंडपम ही लिखा जा रहा है। आईटीपीओ अधिकारियों ने भी स्वीकार किया कि प्रगति मैदान के समूचे परिसर को भारत मंडपम का नाम दे दिया गया है।

    उन्होंने यह भी बताया कि चूंकि यहां होने वाले हर आयोजन में अंतरराष्ट्रीय भागीदारी रहती है तो भारत मंडपम से भारत की छवि भी मजबूत होती है।

    प्रगति मैदान के पूरे कैंपस को ही भारत मंडपम का नाम दिया गया है। इसके दो हिस्से हैं, एक इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर एवं दूसरा विभिन्न प्रदर्शनी हाल। समग्र रूप से यह भारत मंडपम है।-रजत अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक, आईटीपीओ