विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

VIDEO: कार में तोड़फोड़ करने वाला एक कांवड़िया गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

By JP YadavEdited By:
Published: Wed, 08 Aug 2018 09:42 AM (IST)Updated: Fri, 10 Aug 2018 08:30 AM (IST)

कार में तोड़फोड़ के इसी वीडियो के जरिए दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

VIDEO: कार में तोड़फोड़ करने वाला एक कांवड़िया गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
VIDEO: कार में तोड़फोड़ करने वाला एक कांवड़िया गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली के नजफगढ़ मार्ग पर मोती नगर में दो दिन पहले मामूली टक्कर के बाद कांवड़ियों द्वारा कार में की गई तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान दिल्ली के उत्तम नगर निवासी राहुल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार राहुल कोई काम-धंधा नहीं करता है। पुलिस ने उसकी पहचान तोड़फोड़ की वीडियो के जरिए की है। पुलिस के अनुसार वीडियो के आधार पर अन्य कांवड़ियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार कार में तोड़फोड़ करने वालों में कांविड़यों की पूरी भीड़ शामिल थी। इस केस में गुरुवार को पहली गिरफ्तारी हुई है। वीडियो के जरिए अन्य आरोपियों की भी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लेगी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राहुल को भी रिमांड पर लेकर उससे तोड़फोड़ में शामिल रहे अन्य कांवड़ियों के बारे में पूछताछ की जाएगी। उससे पूछताछ में अन्य कांवड़ियों के बारे में कुछ अहम जानकारी मिल सकती है।

गौरतलब है कि मोतीनगर मेट्रो स्टेशन के पास नजफगढ़ रोड पर मंगलवार को कांवड़ियों ने जोरदार हंगामा किया था। कांवडियों को जब पता चला कि कार ने एक कांवड़िये को पहले टक्कर मार दी और बाद में कार सवार युवक ने उसे थप्पड़ जड़ दिया था। कार युवती चला रही थी। इसके बाद कांवड़ियों का पूरा समूह घटनास्थल पर इकट्ठा हो गया और कार सवार युवती व युवक के साथ झगड़ने लगा।

स्थिति उग्र होते देख कार सवार युवती व युवक कार से किसी तरह निकलने में कामयाब हो गए। इसके बाद कांवड़ियों ने सड़क पर खूब हंगामा किया। उन्होंने कार को पलट दिया और लाठी-डंडों से उसमें जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद वहां मौजूद अन्य कारों को भी उन्होंने नुकसान पहुंचाया। इस मामले में पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली वैसे ही तत्काल पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन, पुलिस अधिकारी जब पहुंचे, तब वहां कोई भी कांवड़िया नहीं था। अधिकारियों के अलावा घटनास्थल पर पुलिस की चार पीसीआर गाड़ी भी पहुंची थी।

हरियाणा के बल्लभगढ़ में भी हुआ था हंगामा
इससे पहले बल्लभगढ़ के गांव सुनपेड़ के पास डाक कांवड़ लेने जा रहे कुछ कांवड़ियों ने वहां से गुजर रहे एक कार चालक पर महिला को टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया था। पीड़ित का आरोप है कि युवकों ने बेस बॉल के डंडों से उन्हें पीटा और कार के शीशे भी तोड़ दिए। इसके विरोध में पीड़ित के परिजनों ने रात को सुनपेड़ के पास जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थाना सदर प्रभारी ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।

जानकारी के मुताबिक, गांव डीग निवासी ब्रह्मानंद रविवार रात को कहीं से अपने गांव वापस लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में गांव सुनपेड़ के पास से कुछ युवक डाक कांवड़ लेने हरिद्वार जा रहे थे। इस दौरान उनके परिजन भी साथ थे। कांवड़ियों से आगे निकलने के दौरान ब्रह्मानंद की कार के सामने एक महिला आ गई। उसे हटाने के लिए उन्होंने कार का हार्न बजाया तो अचानक महिला गिर गई। टक्कर लगने से हादसा होने का समझ कर कांवड़ियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।