OP Kohli Passes Away: गुजरात के पूर्व राज्यपाल ओपी कोहली का नोएडा के अस्पताल में निधन, PM ने शोक व्यक्त किया
Gujarat Former Governor OP Kohli Passes Away भाजपा के वरिष्ठ नेता और गुजरात के पूर्व राज्यपाल 87 वर्षीय ओपी कोहली का निधन हो गया है। वह पिछले कुछ समय से बीमार थे। नोएडा स्थित नियो अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था जहां सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। भाजपा के वरिष्ठ नेता और गुजरात के पूर्व राज्यपाल 87 वर्षीय ओपी कोहली का निधन हो गया है। वह पिछले कुछ समय से बीमार थे। नोएडा स्थित नियो अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था जहां सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
मंगलवार दोपहर 12 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उससे पहले उनका पार्थिव शरीर सुबह आठ बजे से दिल्ली के मयूर विहार, फेज एक स्थित सहयोग अपार्टमेंट में उनके निवास स्थान पर कार्यकर्ताओं व जनता के दर्शन के लिए रखा जाएगा।
उन्होंने दो बार दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सहित भाजपा में कई पदों की जिम्मेदारी निभाई। राज्यसभा सदस्य रहने के साथ ही वर्ष 2014 से 2019 तक गुजरात के राज्यपाल रहे।
पीएम मोदी ने भी किया शोक व्यक्त
पीएम मोदी ने भी शोक व्यक्ति करते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली में हमारी पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। सांसद और राज्यपाल के रूप में उन्होंने लोक कल्याण के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनकी गहरी दिलचस्पी थी
उनके निधन पर भाजपा नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ओपी कोहली ने लंबे सार्वजनिक जीवन में अपनी कार्य-क्षमता और विद्वता के कारण काफी सम्मान अर्जित किया। वे गुजरात के राज्यपाल रहे। दिल्ली में भाजपा को मजबूत करने में भी उनकी प्रभावी भूमिका रही।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि विधारधारा और संगठन के प्रति एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में उनका जीवन रहा है। पार्टी और संगठन को मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। शिक्षाविद व राजनेता होने के साथ कोहली अच्छे लेखक भी रहे हैं।
दिल्ली प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने यह उनके लिए निजी आघात है। वह एक समर्पित स्वयंसेवक थे। उनसे मार्ग दर्शन लेकर हजारों स्वयंसेवक, छात्र नेता एवं भाजपा कार्यकर्ता आज संगठन में काम कर रहे हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि भारतीय राजनीति के एक युग का अंत हो गया। उनका जाना देश के लिए अपूर्णिय क्षति है। वे दिल्ली में भाजपा के सारथी थे। यह देश उन्हें एक सच्चे राष्ट्रवादी व दूरदर्शी जननेता के रूप में सदैव याद रखेगा। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद दुष्यंत गौतम, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद प्रवेश वर्मा सहित अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।