Yamuna Flood: दिल्ली में बाढ़ का खतरा टला, खतरे के निशान से नीचे बह रही यमुना
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आने के बाद बाढ़ का खतरा कम हो गया है। हालांकि जलस्तर 205.11 मीटर तक पहुंच गया है लेकिन पुराना लोहा पुल अभी भी वाहनों के लिए बंद है क्योंकि राहत शिविर अभी भी पास में लगे हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि जलस्तर कम होने के बाद पुल को खोला जाएगा।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दिल्ली में बाढ़ का खतरा फिलहाल नहीं है। यमुना खतरे के निशान से नीचे बह रही है। सोमवार रात आठ बजे यमुना का जलस्तर 205.11 मीटर पहुंच गया। जलस्तर कम होने का सिलसिला जारी है।
यमुना का जल स्तर 206 मीटर पहुंचने पर पुराना लोहा पुल को बंद किया जाता है। जल स्तर 205.11 पहुंच गया है, लेकिन पुलिस पर वाहनों का आवागमन अभी भी बंद है। पुलिस ने रूट को डायवर्ट किया हुआ है। यह पुल यमुनापार को पुरानी दिल्ली से जोड़ता है।
शास्त्री पार्क में लोहा पुल के पास ही राहत शिविर लगे हुए हैं। जिसमें जल स्तर से प्रभावित लोग रह रहे हैं। खादर क्षेत्र में अभी यमुना का पानी भरा हुआ है, जिस वजह से शिविर में रहने वाले लोग झुग्गियों में वापस नहीं लौटे हैं।
प्रशासन का कहना है कि पानी कम होने के बाद जब लोग झुग्गियों में लौटेंगे उसके बाद पुल को वाहनों के लिए खोला जाएगा। सिंचाई विभाग के कंट्रोल रूम के नोडल अफसर व प्रीत विहार एसडीएम संदीप यादव ने कहा कि अभी यमुना का जल स्तर बढ़ने की उम्मीद नहीं है। पहाड़ों पर अधिक वर्षा हुई तो दिल्ली में यमुना का जल स्तर बढ़ सकता है।
हथनी कुंड से छोड़ा गया पानी और लोहा पुल के पास यमुना का जलस्तर
समय | छोड़ा गया पानी (क्यूसेक में) | जलस्तर (मीटर में) |
---|---|---|
सुबह 7 बजे | 44210 | 205.22 |
सुबह 8 बजे | 42790 | 205.22 |
सुबह 9 बजे | 42748 | 205.22 |
सुबह 10 बजे | 40350 | 205.22 |
सुपूर्वांह्न 11 बजे | 42843 | 205.22 |
दोपहर 1 बजे | 41657 | 205.22 |
अपराह्न 3 बजे | 39838 | 205.21 |
शाम 4 बजे | 40616 | 205.20 |
रात 8 बजे | 36815 | 205.11 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।