दिल्ली में भीषण अग्निकांड, 17 की मौत, पीएम ने जताया शोक
दिल्ली के बवाना इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में शनिवार शाम भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 17 लोगों की मौत हो गई है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : बाहरी दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर पांच में अवैध रूप से चल रही पटाखे की फैक्ट्री में शनिवार शाम भीषण आग लग गई। हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की संख्या और भी बढ़ सकती है। मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं। खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और मौके पर दमकल विभाग व पुलिस कर्मियों का राहत व बचाव कार्य जारी था। आग कैसे लगी, फिलहाल इसके स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है।
यह आशंका है कि फैक्ट्री के अंदर सिगरेट या बीड़ी पीने के कारण के कारण आग लगी है। पुलिस शॉर्ट सर्किट से भी आग लगने की आशंका से इन्कार नहीं कर रही है। पुलिस फैक्टरी मालिक के खिलाफ लापरवाही से मौत के आरोप में मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है। शाहबाद डेरी थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। मरने वालों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिए गए हैं। रोहिणी जिले के पुलिस उपायुक्त रजनीश गुप्ता के मुताबिक शाम 6.20 बजे सेक्टर पांच के प्लांट संख्या एफ -83 में चल रही फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। आग फैक्ट्री की पहली मंजिल पर लगी थी।
पीएम ने जताया शोक
प्रधानमंत्री ने बवाना हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं।
दिल्ली के एलजी अनिल बैजल ने शोक जताते हुए कहा कि मैंने संबंधित विभाग को हरसंभव मदद का आदेश दिए हैं।
कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू
हादसे के समय दो मंजिला फैक्ट्री में 50 लोग अंदर फंसे हुए थे। शुरू में दमकल की 10 गाडि़यां पहुंचीं और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। राहत व बचाव कार्य के दौरान करीब 15 लोगों को बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अंदर फंसे कई लोगों ने फैक्ट्री से कूद की जान बचाई। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इसके बाद दमकल कर्मी व पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे तो एक के बाद एक 17 झुलसे हुए लोगों को बाहर निकाला और उन्हें महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इनमें ज्यादातर की मौत दम घुटने से हुई है। मृतकों की शिनाख्त के लिए फैक्ट्री में काम करने वाले सुरक्षित बचे मजदूरों से पूछताछ की जा रही है।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने दुख जताया
जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल से कूदे लोग
जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में आग लगी आग इतनी भयानक थी कि मौके से बाहर निकल ही नहीं सके। जिस समय आग लगी, उस दौरान इन फैक्ट्रियों में 50 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। आग इतनी भयानक थी कि जान बचाने के लिए कर्मचारी फैक्ट्री की तीसरी मंजिल से कूद गए।
यह भी पढ़ें: छात्रा के मना करने पर भड़का सिरफिरा, पिता व भाई को पीटा, दादी को भी नहीं छोड़ा