दिल्ली के वेलकम कॉलोनी में मकानों की जांच में देरी, खतरा बरकरार; स्ट्रक्चर की जांच नहीं हई शुरू
पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में एक महीने पहले इमारत गिरने के बाद भी जनता कॉलोनी के मकानों के स्ट्रक्चर की जांच शुरू नहीं हुई है। निगम का कहना है कि यह क्षेत्र डूसिब के अधीन है। जिला प्रशासन का कहना है कि निगम को ही जांच करनी होगी। मलबा भी अभी तक नहीं हटाया गया है जिससे आसपास के मकान और भी जर्जर हो गए हैं।

आशीष गुप्ता, पूर्वी दिल्ली। वेलकम की जनता कालाेनी में मकानों के स्ट्रक्चर की जांच नहीं हो पाई है। ऐसे में खतरे के बीच रह रहे लोगों की जान बचाने की दिशा में कोई कदम नहीं उठ पाया। शाहदरा जिला प्रशासन ने नगर निगम को जो समय दिया था, वह निकल चुका है। निगम की सुई अब तक वहीं अटकी है कि जनता कॉलोनी दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) के अधीन है, वह स्ट्रक्चर की जांच क्यों करें। इस कारण जांच का काम नहीं हो रहा।
वेलकम की जनता कालोनी में गत 12 जुलाई को एल शेप का चार मंजिला मकान ढह गया था। उसमें दबने से सात लोगों की मौत हुई थी और सात घायल हुए थे। इस कालोनी में 500 से अधिक मकान हैं। इनमें बड़ी संख्या में मकान लोहे के खंभों के सहारे टिके हैं। इस हादसे के बाद यहां की स्थिति को देखते हुए नए निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई थी।
साथ ही शाहदरा जिला प्रशासन ने नगर निगम को 15 दिन के भीतर कॉलोनी के सभी मकानों के स्ट्रक्चर की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का समय दिया था। अब इस बात को एक माह बीत चुका है, स्ट्रक्चर की जांच होना तो दूर, इस ओर पहला कदम नहीं बढ़ा है। निगम वहीं अटका हुआ है कि यह क्षेत्र डूसिब का है। यहां जांच करने का काम निगम का नहीं।
शाहदरा जिला प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि स्ट्रक्चर की जांच तो निगम को ही करनी होगी, क्योंकि भवन उपनियम का पालन कराना इनकी ही जिम्मेदारी होती है। जल्द रिपोर्ट मांगी जाएगी।
मलबा तक नहीं उठा
एक माह पहले जमींदोज हुए मकान का मलबा वहीं पड़ा है। उसे उठाया नहीं गया है। हाल यह है कि इसकी चपेट में आकर जर्जर हुए छह मकानों का कुछ नहीं हो पाया है। उनमें रहने वाले किराये पर रह रहे हैं। मलबा हटाने का काम निगम को दिया गया था, वह पूरा नहीं हो पाया है।
वेलकम की जनता कॉलोनी जेजे क्लस्टर है। यहां स्ट्रक्चर की जांच का काम निगम का नहीं है। - अभिषेक मिश्रा, उपायुक्त, शाहदरा उत्तरी जोन, नगर निगम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।