बीते चार माह में 1.87 लाख यात्रियों की निकली हेकड़ी, उधर रेलवे 16.58 करोड़ कमाकर हो गया मालामाल
नई दिल्ली में बिना टिकट यात्रा करने वालों पर रेलवे की सख्ती बढ़ गई है। इस साल अप्रैल से जुलाई तक 2.28 लाख यात्री पकड़े गए जबकि पिछले साल यह संख्या 1.87 लाख थी। त्योहारों के मौसम में सख्ती और बढ़ेगी। रेलवे सुरक्षा बल और टिकट जांच कर्मचारियों द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर जुर्माना वसूला जा रहा है। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में औचक निरीक्षण किया जा रहा है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सख्ती बढ़ रही है। यही कारण है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष बिना टिकट यात्रा करने वाले अधिक यात्री पकड़े जा रहे हैं। पिछले वर्ष अप्रैल से जुलाई तक 1.87 लाख बेटिकट यात्री पकड़े गए थे। इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 2.28 लाख पहुंच गई है। त्योहार के सीजन में सख्ती और बढ़ाने की तैयारी है।
दिल्ली मंडल बिना टिकट यात्रा और ट्रेनों में अनाधिकृत प्रवेश पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टिकट जांच अभियान चला रहा है। बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों से रेलवे के राजस्व का नुकसान होता है। वैध टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को भी असुविधा होती है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी यह गंभीर मामला है। इसे ध्यान में रखकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और टिकट जांच कर्मचारियों के संयुक्त अभियान में पकड़े जाने वाले यात्रियों से जुर्माना वसूला जा रहा है।
ट्रेनों में औचक निरीक्षण किया जा रहा
रेलवे अधिकारियों का कहना है स्टेशन पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही ट्रेनों में औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसमें बिना टिकट या अपर्याप्त टिकट और निर्धारित सीमा से अधिक वजन का समान लेकर यात्रा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीनों के दौरान कुल 2.28 लाख मामलों में 16.58 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया। पिछले वित्त वर्ष में इस अवधि में 1.87 लाख यात्रियों से 14.34 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गयाथा। इस वर्ष 15.6% अधिक जुर्माना मिला है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।