दिल्ली के इस इलाके में 206.5 करोड़ की लागत से बनेगा मेट्रो कॉरिडोर, देखें प्रस्तावित स्टेशनों की लिस्ट
दिल्ली में फेज 5 के मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत युगे युगीन भारत म्यूजियम भूमिगत मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। डीएमआरसी ने 206.5 करोड़ की लागत वाले इस स्टेशन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। सेंट्रल विस्टा परियोजना के कारण इसे प्राथमिकता दी जा रही है और यह इंद्रप्रस्थ-आरके आश्रम कॉरिडोर का हिस्सा होगा।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। फेज 4 में निर्माणाधीन तीन मेट्रो कॉरिडोर का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। तीन अन्य स्वीकृत कॉरिडोर पर काम शुरू होना बाकी है। इस बीच फेज 5 की मेट्रो परियोजनाओं को लेकर भी सक्रियता बढ़ गई है। इसी क्रम में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने फेज 5ए में युगे युगीन भारत म्यूजियम भूमिगत मेट्रो स्टेशन के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस भूमिगत मेट्रो स्टेशन का निर्माण 206.5 करोड़ की लागत से किया जाएगा। सेंट्रल विस्टा परियोजना के मद्देनजर इस स्टेशन का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। यह भूमिगत मेट्रो स्टेशन फेज 5ए के इंद्रप्रस्थ-आरके आश्रम कॉरिडोर का हिस्सा होगा। फेज 5 में 18 मेट्रो कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास विचाराधीन है। जिनकी लंबाई 206.5 किलोमीटर होगी।
इस परियोजना को दो भागों में बांटकर पूरा करने का प्रस्ताव है। इसके तहत इन तीनों कॉरिडोर का निर्माण फेज 5ए में 11 हजार 150 करोड़ की लागत से प्राथमिकता के आधार पर किया जाना है। इसकी कुल लंबाई 15.8 किलोमीटर होगी, जिसमें एयरोसिटी-एयरपोर्ट टर्मिनल-1, तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज और इंद्रप्रस्थ-आरके आश्रम (सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर) शामिल हैं। इनमें पहली दो परियोजनाएं फेज 4 में निर्माणाधीन स्वर्ण रेखा (तुगलकाबाद-एयरोसिटी) की विस्तार परियोजना है।
वहीं, इंद्रप्रस्थ-आरके आश्रम कॉरिडोर फेज 4 की इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ (ग्रीन लाइन) का विस्तार परियोजना है। यह कॉरिडोर पूरी तरह से भूमिगत होगा और इसकी लंबाई 9.5 किलोमीटर होगी। इस कॉरिडोर पर आठ स्टेशन होंगे, जिसमें एक युगे युगिन भारत म्यूजियम मेट्रो स्टेशन भी शामिल है। नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में युगे युगिन भारत राष्ट्रीय संग्रहालय बनाया जाना है, जो सेंट्रल विस्टा परियोजना का हिस्सा है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में नेटवर्क प्लानिंग ग्रुप ने फेज 5ए के तीनों कॉरिडोर की परियोजनाओं की समीक्षा की है और इसे मंजूरी के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल में रखा जा सकता है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद इंद्रप्रस्थ-आरके आश्रम कॉरिडोर और इसके अन्य स्टेशनों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
इंद्रप्रस्थ-आरके आश्रम कॉरिडोर पर होंगे ये आठ स्टेशन
भारत मंडपम, बड़ौदा हाउस, इंडिया गेट, न्यू कॉमन सेंट्रल सेक्रेटेरियट बिल्डिंग, सेंट्रल सेक्रेटेरियट, युगे युगीन भारत संग्रहालय, शिवाजी स्टेडियम और आरके आश्रम।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।