Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'ऐसी व्यवस्था बनाएंगे, विदेशी पर्यटक राजधानी में आएंगे', डिलाइट फॉर दिल्ली समिट में बोलीं CM रेखा गुप्ता

    By V K Shukla Edited By: Rajesh Kumar
    Updated: Sat, 12 Jul 2025 08:04 AM (IST)

    मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही है। डिलाइट फॉर दिल्ली समिट में उन्होंने कहा कि दिल्ली को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई ऊंचाइयों पर ले जाना सरकार का संकल्प है। दिल्ली में पर्यटन शिक्षा संस्कृति और स्टार्टअप में अपार संभावनाएं हैं। सरकार दिल्ली को देश का सबसे गतिशील शहर बनाना चाहती है।

    Hero Image
    मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही है। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पर्यटन को लेकर दिल्ली की स्थिति को समझा है और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चिंतित भी हैं। डिलाइट फॉर दिल्ली समिट में मुख्यमंत्री ने कहा कि हम ऐसी व्यवस्था करेंगे कि विदेशी पर्यटक आएं तो दिल्ली देखे बिना वापस न जाएं। पर्यटन को लेकर बहुत काम किया जाएगा। कहा कि वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाना हमारा संकल्प है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में पर्यटन, शिक्षा, संस्कृति और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं और सरकार का लक्ष्य इन क्षेत्रों में ठोस नीति और जनभागीदारी के साथ दिल्ली को देश का सबसे गतिशील शहर बनाना है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को दिल्ली पर्यटन और इन्वेस्ट इंडिया द्वारा आयोजित इस समिट में बोल रही थीं।

    इस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा सहित देश की नामी निवेशक कंपनियों के प्रतिनिधि, नीति-निर्माता, पर्यटन विशेषज्ञ और उद्यमी भी मौजूद थे। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली न केवल भारत की राजधानी है, बल्कि देश की आत्मा भी है। यह एक ऐसा शहर है जो अपने भीतर समृद्ध संस्कृति, विविध विरासत और गौरवशाली इतिहास समेटे हुए है।

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज की दिल्ली आधुनिकता और परंपरा का अनूठा संगम बन गई है। भारत मंडपम, यशोभूमि, प्रधानमंत्री संग्रहालय और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जैसे प्रतिष्ठित स्थल दिल्ली को वैश्विक सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन केंद्र के रूप में पहचान दिला रहे हैं। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में दिल्ली सरकार इस क्षेत्र में अपेक्षित कार्य नहीं कर पाई। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अब हमारी सरकार पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में वे सभी विशेषताएं मौजूद हैं जो दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित कर सकती हैं, चाहे वह इतिहास हो, संस्कृति हो, कला हो, संगीत हो, स्वाद हो या विरासत हो।

    इस अवसर पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली अब केवल एक राजधानी नहीं बल्कि वैश्विक पर्यटन, सांस्कृतिक समृद्धि और नवाचार का आकर्षण केंद्र बन रही है। उन्होंने कहा कि आज हम देश-विदेश के अनुभवी प्रतिभागियों से सुझाव लेकर एक मजबूत और व्यावहारिक रोडमैप तैयार कर रहे हैं, ताकि दिल्ली को एक वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।