दिल्ली सरकार ने राशन वितरण को लेकर लिया बड़ा फैसला, अब दुकानों के बाहर दिखानी होगी ये जानकारी
खाद्य आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने अधिकारियों को मानसून में राशन वितरण बाधित न होने देने के निर्देश दिए हैं। उचित मूल्य की दुकानें समय पर खोलने और आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करने के लिए कहा गया है। सितंबर में राशन कोटे का 57% वितरित हुआ और ओएनओआरसी के तहत 145610 प्रवासियों ने राशन प्राप्त किया। वन नेशन वन राशन कार्ड योजना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। खाद्य आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने विभागीय अधिकारियों को मानसून में भी राशन वितरण आपूर्ति बाधित न होने देने के निर्देश जारी किए हैं।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उचित मूल्य की दुकानें समय पर खुलें। उनके बाहर प्रदर्शन बोर्ड के जरिए अनिवार्य जानकारी प्रदर्शित की जाए, जिसमें सतर्कता कमेटी के विवरण, श्रेणी-वार पात्रताएं, स्टाक की स्थिति, लाभार्थियों की संख्या, हेल्पलाइन नंबर और अन्य तथ्य शामिल हैं।
साथ ही वन नेशन वन राशन कार्ड (ओएनओआरसी) योजना के तहत पात्रता की जानकारी प्रमुखता से दिखाई जाए।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत राशन वितरण की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक में यह भी सामने आया कि सितंबर में राशन कोटे का करीब 57 प्रतिशत वितरित हो चुका है। साथ ही ओएनओआरसी के तहत अभी तक सितंबर में 1,45,610 प्रवासी लाभार्थियों ने अपना राशन प्राप्त किया है। मानसून के मौसम में भी राशन वितरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।