दिल्ली के इस इलाके में सड़कें बन गई ऑटोमोबाइल वर्कशॉप, किसे हो रहा कितना नुकसान?
पूर्वी दिल्ली में मैकेनिकों ने सड़कों को वर्कशॉप बना दिया है जिससे यातायात बाधित हो रहा है। कोटला रोड झील खुरंजा और स्वामी दयानंद मार्ग पर मैकेनिक सड़क पर ही वाहनों की मरम्मत करते हैं। पुलिस और नगर निगम की निष्क्रियता के कारण यह समस्या बढ़ती जा रही है जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ऑटो की पार्किंग भी परेशानी बन रही है।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। मैकेनिकों ने यमुनापार में सड़कों को ही अपना ऑटोमोबाइल वर्कशॉप बना लिया है। वे फुटपाथ पर औजार रखते हैं। सड़क पर ही वाहनों की मरम्मत करते हैं। यह काम किसी एक सड़क पर नहीं, बल्कि कई इलाकों में हो रहा है। इन्हें कोई रोकता नहीं। इसका नतीजा यह है कि सड़कों पर यातायात प्रभावित हो रहा है। इनके कारण सड़कें संकरी होती जा रही हैं और हादसों की आशंका बढ़ रही है।
कोटला रोड पर दोनों तरफ हो रही वाहनों की मरम्मत
संजय झील से आगे कोटला रोड पर दोनों तरफ वाहनों की मरम्मत हो रही है। मैकेनिक सड़क पर ही यह काम करते हैं। उन्हें इस बात की जरा भी परवाह नहीं है कि इससे यातायात प्रभावित हो रहा है। क्योंकि नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करती। यहां दो दर्जन से अधिक मैकेनिक सड़क पर ही वाहनों की मरम्मत करते हैं। ऑटो की पार्किंग भी परेशानी बन रही है।
झील खुरंजा में मैकेनिक बन रहे परेशानी
झील खुरंजा इलाके में सड़क से निकलना मुश्किल हो रहा है। यहां मैकेनिक दुकानों के सामने सड़क पर ही वाहनों की मरम्मत करते हैं। कोई बाइक रिपेयर करता नजर आता है तो कोई कार कटिंग करता नजर आता है। सभी का कार्यस्थल सड़क पर ही है। पुलिस गश्त करती है, लेकिन किसी को रोकती नहीं। इसी तरह नगर निगम के अधिकारी भी खामोश हैं।
स्वामी दयानंद मार्क पर होती है वाहनों की रिपेयर
कृष्णा नगर के पास स्वामी दयानंद मार्ग पर वाहनों की रिपेयर होती है। रिपेयर के साथ-साथ इस मुख्य मार्ग पर डेंटिंग और पेंटिंग का काम भी होता है। मैकेनिक सड़क की एक लेन पर कब्जा जमाए रहते हैं। इससे आने-जाने वालों को परेशानी होती है। यहां सर्विस रोड पर भी मैकेनिकों का कब्जा रहता है। इसी तरह अशोक नगर में भी मैकेनिक सड़क पर वाहनों की रिपेयर करते हैं। बैंक एन्क्लेव मिनी स्टेडियम के पास भी यही हो रहा है।
सड़क पर वाहन रिपेयर करने वालों के चालान काटे जाते हैं। जिन इलाकों में ज्यादा परेशानी है, वहां कार्रवाई तेज की जाएगी।
-सतीश कुमार, डीसीपी ट्रैफिक, ईस्टर्न रेंज

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।