Delhi News: स्थायी समिति के चुनाव की तैयारी में जुटी BJP और AAP, 200 परियोजनाओं का खुलेगा रास्ता
दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति के चुनाव की तैयारी चल रही है। भाजपा और आप अपने सदस्यों को सतर्क रख रही हैं। निगम चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन के लिए दफ्तर तैयार कर रहा है। क्रॉस वोटिंग के आरोप में भाजपा ने एक पार्षद को निष्कासित कर दिया है। महापौर राजा इकबाल सिंह चुनाव के पीठासीन अधिकारी होंगे।

निहाल सिंह, नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के 12 जून को होने वाले चुनाव के लिए नगर निगम से लेकर राजनीतिक दल सक्रिय है। जहां-भाजपा और आप अपने-अपने सदस्यों के संपर्क में हैं और कोई गड़बड़ी न हो इसकी कोशिश में जुटे हैं।
दिल्ली नगर निगम जहां स्थायी समिति के निर्वाचित होने वाले चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन के लिए कमरे तैयार कर रहा है। वहीं, चेयरमैन के लिए गाड़ी और स्टाफ की नियुक्ति की भी प्रक्रिया चल रही है। निगम ने स्थायी समिति के चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन के दफ्तर के लिए कमरे सिविक सेंटर के एक ब्लाक में पहली मंजिल पर आवंटित कर दिए हैं। जिनमें सफाई से लेकर कुर्सियों और फोन, कंप्यूटर और स्टाफ के बैठने के लिए कुर्सियां व टेबल लगाई जा रही है।
चेयरमैन को जहां कमरा आवंटित किया गया है वह पूर्वकालिक दक्षिणी निगम के स्थायी समिति चेयरमैन का दफ्तर हुआ करता था लेकिन चूंकि अब निगम एकीकृत हो गई है इसलिए इसमें दो और कमरों को जोड़ दिया गया है।
चेयरमैन के लिए एक मुख्य कार्यालय, एक कान्फ्रेस रूम और एक रेस्ट रूम के साथ ही मिलने आ रहे लोगों की प्रतीक्षा के लिए कमरा भी बनाया गया है। सिविक सेंटर में जहां पहले उत्तरी निगम की स्थायी समिति की बैठक दूसरी मंजिल के मीटिंग हाल में हुआ करती थी वहां अब एकीकृत निगम की स्थायी समिति की बैठक हुआ करेगी। साथ ही पहली मंजिल पर मीटिंग हाल में वैधानिक और विशेष के साथ ही तदर्थ समितियों की बैठक हुआ करेगी।
उल्लेखनीय है कि ढाई साल से निगम की सर्वोच्च शक्तिशाली समिति स्थायी समिति का चुनाव लंबित था। अब 12 जून को चुनाव होगा तो निगम के 200 से अधिक परियोजनाओं के मंजूर होने का रास्ता खुल जाएगा। इसमें 18 सदस्य होते हैं। भाजपा के पास 11 तो आप के पास सात सदस्य हैं।
क्रोस वोटिंग करने वाले पार्षद को बाहर निकालकर भाजपा ने दिया सख्त संदेश
दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन चुनाव में क्रोस वोटिंग न हो इसके लिए भाजपा ने वार्ड कमेटी में क्रोस वोटिंग करने वाली पार्षद को पार्टी से छह साल के लिए निकालकर सख्त संदेश दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के आदेश के अनुसार वार्ड 50 मंगोलपुरी से से पार्षद सुमन टिंकू राजौरा को पार्टी से बाहर निकाल दिया है।
भाजपा के अनुसार आंतरिक जांच में यह बात सामने आई थी कि दो जून को हुए रोहिणी जोन के वार्ड कमेटी के चुनाव में सुमन टिंकू राजौरा ने क्रोस वोट किया था। जिसकी वजह से आप प्रत्याशी यहां चुनाव जीत गया था। पार्टी की आंतरिक जांच में पार्षद ने स्वयं क्रोस वोटिंग की बात स्वीकार भी की थी। उल्लेखनीय है कि इस जोन में भाजपा और इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (आइवीपी) ने चेयरमैन पद पर संयुक्त प्रत्याशी उतारा था।
भाजपा के पास यहां पर नौ तो आइवीपी के पास दो पार्षद थे। लेकिन चेयरमैन पद पर 10 ही वोट मिले थे। जिसकी वजह चेयरमैन पद यहां भाजपा और आइवीपी को हार का सामना करना पड़ा था। जबकि डिप्टी चेयरमैन पर भाजपा जीत गई थी। सुमन टिंकू राजौरा आप की टिकट पर 2022 में चुनाव जीती थी लेकिन वह आप से नाराज होकर भाजपा में आ गई थी। हालांकि सुमन टिंकू राजौरा का उक्त मामले में पक्ष मांगा गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
महापौर होंगे स्थायी समिति चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारी
स्थायी समिति के सदस्य व महापौर राजा इकबाल सिंह स्थायी समिति के चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारी होंगे। चूंकि महापौर होने के नाते वह वरिष्ठ सदस्य स्थायी समिति में है इसलिए उन्हें ही पीठासीन अधिकारी बनाया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।