दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के शुरू होने को लेकर गुड न्यूज, केंद्रीय मंत्री ने बता दी तारीख
पूर्वी दिल्ली के सांसद हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली-देहरादून हाईवे डेढ़ महीने में शुरू होगा जिससे दूरी सवा दो घंटे में तय होगी। भाजपा सरकार ने दिल् ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दिल्ली-देहरादून हाईवे को खोलने पर मंथन रहा है। संकल्प से सिद्धि तक अभियान के तहत भाजपा सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को गिनाते वक्त केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पूर्वी दिल्ली के सांसद हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि डेढ़ महीने के भीतर यह हाईवे लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा।
इससे लोग सवा दो घंटे में देहरादून पहुंच सकेंगे। इसी तरह देश के विभिन्न शहरों से कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए भाजपा सरकार में दिल्ली-मुंबई, द्वारका एक्सप्रेस, दिल्ली-कटड़ा हाईवे का काम किया गया है। अर्बन एक्टेंशन रोड-दो को दिल्ली-देहरादून हाईवे से जोड़ने की योजना को मंजूरी दी गई है।
विज्ञान लोक स्थित भाजपा के शाहदरा जिला कार्यालय में उपलब्धियां बताने के लिए प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस दौरान पत्रकार वार्ता में मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली के विकास के लिए काफी काम किया है। प्रगति मैदान के पास टनल बनवाई, झुग्गी वालों को मकान दिए, भारत मंडपम और यशोभूमि आडिटोरियम का निर्माण कराया।
दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने पर 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को आयुष्मान वय वंदना योजना का लाभ मिला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कभी तुष्टीकरण की नीति नहीं अपनाई। हर वर्ग को साथ लेकर चले हैं। कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाया, जिससे वहां पर अनुसूचित जाति को आरक्षण का लाभ मिला।
कश्मीर की माता-बहनें को उनके पूरे अधिकार मिले। वक्फ संशोधन बिल के जरिये काफी सुधार किए गए, जोकि मुस्लिम समुदाय के फायदे के लिए है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार में युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने में सक्षम हुए हैं। 119 से स्टार्ट अप यूनिकार्न बने हैं।
इनमें बड़ी संख्या में युवाओं को नौकरी भी मिली है। उन्होंने कई लाभकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। विधायक अभय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में पहली बैठक में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का सर्वसम्मति से फैसला लिया गया। मां यमुना नदी की सफाई का कार्य चल रहा है, जल्द रिवरफ्रंट दिल्ली के लोगों को मिलेगा।
सीवर लाइन की और गंदे पानी की समस्या को हल किया जा रहा है। इस मौके पर शाहदरा जिला प्रभारी डा. अनिल गुप्ता, शाहदरा जिलाध्यक्ष दीपक गाबा, मयूर विहार जिलाध्यक्ष विजेंद्र धामा, विधायक डा. अनिल गोयल, रविकांत, ओम प्रकाश शर्मा, संजय गोयल, रविंद्र सिंह नेगी आदि मौजूद थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।