'AAP का भ्रष्टाचार हुआ साबित, बच नहीं सकते नेता', कांग्रेस नेता ने किया बड़ा दावा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया पर निशाना साधते हुए कहा कि वे भ्रष्टाचार से बच नहीं सकते। उन्होंने आप पर दिल्ली में झूठे विकास के दावे करने का आरोप लगाया। यादव ने भाजपा को भी घेरा और कहा कि वह आप के घोटालों के आरोपियों को सजा दिलाने में विफल रही है जिससे लगता है कि भाजपा भी भ्रष्टाचार में भागीदार है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आप नेताओं सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया को एसीबी के नोटिस के बहाने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने एक बार फिर उन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन भले ही जमानत पर जेल से बाहर हों, लेकिन वे भ्रष्टाचार से बच नहीं सकते।
यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरे 11 साल तक दिल्ली में विकास के झूठे दावे करती रही, लेकिन शराब घोटाला, शिक्षा घोटाला, स्वास्थ्य घोटाला, डीटीसी घोटाला, जल बोर्ड घोटाला, पीडब्ल्यूडी घोटाला, बिजली घोटाला समेत 14 मामलों की कैग रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद आम आदमी पार्टी के सत्ता से बाहर होने की वजह खुलकर सामने आ गई है।
यादव ने भाजपा को भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बावजूद भाजपा सरकार पिछली सरकार की कारगुजारियों के आरोपियों को सजा दिलाने में संवेदनशील नहीं है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जब सत्ता में थी, तो भाजपा अपने पूरे कार्यकाल में घोटालों के खिलाफ सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करती थी, लेकिन अब सत्ता में आने के बाद सरकारी खजाने को लूटने वालों को जेल भेजने के लिए कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इससे साबित होता है कि भाजपा सरकार भी आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार में भागीदार थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।