'जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी BJP', दिल्ली में रेखा गुप्ता सरकार के 100 दिन पूरा होने पर कांग्रेस का हमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भाजपा सरकार के 100 दिन के शासन को विफल बताते हुए कई आरोप लगाए। उन्होंने महिला सुरक्षा प्रदूषण भ्रष्टाचार और गरीबों के आवास जैसे मुद्दों पर सरकार की आलोचना की। कांग्रेस ने सरकार पर झूठे वादे करने और दिल्ली के लोगों की उम्मीदों पर खरा न उतरने का आरोप लगाया। महिला सुरक्षा और राशन कार्ड के लंबित आवेदनों पर भी सवाल उठाए गए।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने 100 दिन के शासन को लेकर रेखा गुप्ता सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण, सुरक्षा व्यवस्था, नशे पर काबू पाना, दिल्ली में नालों की सफाई, प्रदूषण से निजात दिलाने में जहां सरकार फेल रही वहीं 100 दिन में भाजपा की दिल्ली सरकार जुमला सरकार साबित हुई है।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने एक लाख करोड़ के बजट का झूठा ऐलान किया, दिल्ली को सुरक्षित करने की जगह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को जे-श्रेणी सुरक्षा दे दी, डीटीसी की संपत्तियां बेचने की साजिश हो रही, बिजली खरीद में घोटाला हो रहा, प्रदूषण के आंकड़ों में हेराफेरी की जा रही, महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा में छेड़छाड़ की जा रही, काम के नाम पर केवल नाम बदलने की राजनीति हो रही और गरीबों की रोजी रोटी छीनी व उनके आशियाने उजाड़े जा रहे। यमुना की सफाई पर भी सरकार के हाथ खाली हैं। भाजपा सरकार 400 देवी योजना बसें चलाने का दावा कर रही है जबकि 2000 डीटीसी बसों को हटा दिया गया।
दिल्ली के लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी: कांग्रेस
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार एक तो दिल्ली के लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी और दूसरी ओर अपने 100 दिन पूरे होने का जश्न मना रही है। पूर्व मंत्री हारुन यूसूफ ने कहा कि दिल्ली में 11.20 लाख राशन कार्ड के आवेदन पेंडिंग पड़े है। बिजली कंपनियों के आडिट के मामले पर भी सरकार चुप्पी साधे हुए है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ रागिनी नायक ने महिला समृद्धि योजना और महिला सुरक्षा को लेकर कहा कि महिला समृद्धि योजना को लागू करने के दिशा निर्देश बनाने को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली क्राइम कैपिटल बन गई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।