दिल्ली में अवैध पशु डेयरियों पर निगम ने कसा शिकंजा, पकड़ाए कई मवेशी
दिल्ली नगर निगम ने रोहिणी और मंगोलपुरी में अवैध पशु डेयरियों के खिलाफ अभियान चलाया जिसमें कई मवेशी पकड़े गए। रोहिणी सेक्टर-7 में एक युवक ने मवेशी छुड़ाने की कोशिश में निगम कर्मचारी से हाथापाई की जबकि मंगोलपुरी में एक महिला ने टीम को रोकने का प्रयास किया। निगम ने हाथापाई करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। नगर निगम ने रोहिणी और मंगोलपुरी में अवैध पशु डेयरियों के खिलाफ अभियान चलाया और आधा दर्जन से अधिक मवेशी पकड़े। इस दौरान रोहिणी सेक्टर-7 में एक युवक ने मवेशी छुड़ाने का प्रयास किया और नगर निगम कर्मचारी से हाथापाई कर दी। इससे सड़क पर काफी देर तक अफरातफरी मची रही।
मंगोलपुरी वाई-ब्लॉक में एक महिला ने नगर निगम कर्मचारियों को रोकने का प्रयास भी किया। इस बीच, निगम के पशु चिकित्सा विभाग ने हाथापाई करने वाले युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को पत्र लिखा है।
लंबे समय बाद नगर निगम ने शुक्रवार को एक बार फिर अवैध पशु डेयरियों और फुटपाथ पर बंधे मवेशियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया। टीम ने मंगोलपुरी के वार्ड-52 रोहिणी सेक्टर-7 और वार्ड-42 में आधा दर्जन से अधिक मवेशी पकड़े। कार्रवाई के दौरान रोहिणी सेक्टर-7 में उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवक ने एमटीआइ (दूध कर निरीक्षक) से हाथापाई शुरू कर दी।
उक्त युवक ने मवेशियों को छुड़वाने का प्रयास किया। लेकिन, कर्मचारियों ने उसकी कोशिश नाकाम कर दी। मंगोलपुरी के वाई-ब्लॉक में भी टीम को इसी तरह के विरोध का सामना करना पड़ा। मवेशियों को पकड़ने के दौरान महिला ने कर्मचारियों को रोकने की कोशिश की।
मामला बढ़ने पर निगम कर्मचारियों ने महिला पुलिस को बुलाया, इस दौरान उक्त महिला वहां से खिसक गई। रोहिणी जोन के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवीश कसाना की ओर से निगम कर्मचारी से हाथापाई और सरकारी काम में बाधा डालने के संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है।
शिकायत में युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है और बताया गया है कि उक्त युवक पहले भी नगर निगम कर्मचारियों के साथ बदसलूकी कर चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में भी एफआईआर दर्ज की गई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।