दिल्ली पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, दबोचे गए पांच शातिर बदमाश और...
उत्तर पश्चिमी जिला पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है जो चाकू लेकर अपराध करने की योजना बना रहे थे। इनमें से मनोज और जोगिंदर अशोक विहार थाने के घोषित बदमाश हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चाकू और नकदी बरामद की है। पूछताछ में पता चला कि वे सभी अपराध करने के इरादे से इलाके में घूम रहे थे।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। दिल्ली में चाकू लेकर वारदात के इरादे से घूम रहे पांच बदमाशों को उत्तर पश्चिमी जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों में से मनोज और जोगिंदर अशोक विहार थाने का घोषित बदमाश है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से पांच चाकू और 34 सौ रुपये बरामद किए हैं।
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 26 जुलाई को गश्त करने के दौरान अशोक विहार थाना पुलिस ने वजीरपुर निवासी मनोज को पकड़ा। उसके पास से पुलिस ने चाकू बरामद किया।
वहीं, जांच में पता चला कि मनोज अशोक विहार थाने का घोषित बदमाश है और उसपर हत्या, हथियार व चोरी से संबंधित पांच मामले दर्ज हैं। वहीं, अशोक विहार थाना पुलिस ने 27 जुलाई को गश्त के दौरान जेलर वाला बाग के पास से जितेंद्र को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से एक चाकू मिला।
बताया बया कि उसी दिन अशोक विहार थाना पुलिस ने प्रेमबाड़ी पुल के पास से वजीरपुर निवासी जोगिंदर को गिरफ्तार किया। उसके पास से तलाशी के दौरान एक चाकू मिला। जोगिंदर अशोक विहार थाने का घोषित बदमाश है और उसपर डकैती, हथियार व मारपीट के तीन मामले दर्ज हैं।
वहीं, जहांगीरपुरी थाना पुलिस ने 26 जुलाई को गश्त के दौरान शाह आलम रोड के पास से जहांगीर पुरी निवासी इमरान को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक चाकू मिला। इसी तरह आदर्श नगर थाना पुलिस ने 27 जुलाई को गश्त के दौरान चाकू लेकर घूम रहे आजादपुर निवासी दीन मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चाकू और 34 सौ रुपये मिले। पूछताछ में पता चला कि सभी बदमाश वारदात को अंजाम देने की नीयत से इलाके में चाकू लेकर घूम रहे थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।