Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    PM मोदी के जन्मदिन पर अमित शाह ने दी दिल्ली 1600 करोड़ की विकास की सौगात, बिजली संयंत्र और अस्पताल का लोकार्पण

    Updated: Wed, 17 Sep 2025 03:13 PM (IST)

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया जिसमें कचरा-से-बिजली संयंत्र और स्वास्थ्य सेवा विस्तार शामिल हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्र सरकार के सहयोग की सराहना की और पिछली सरकारों पर आरोप लगाए। दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए नई योजनाओं की घोषणा की गई साथ ही दिल्ली में 75 नई योजनाओं के साथ सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा।

    Hero Image
    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में आयोजित भव्य लोकार्पण समारोह में विकास की नई परियोजनाओं को गति दी।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में आयोजित एक भव्य लोकार्पण समारोह में विकास की नई परियोजनाओं को गति दी। त्यागराज स्टेडियम में आयोजित इस समारोह में उन्होंने इंदिरा गांधी तकनीकी महिला विश्वविद्यालय की महिला अभियंताओं द्वारा निर्मित 75 ड्रोन दिल्ली पुलिस को सौंपे। वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राजधानी के विकास कार्य में केंद्र का पूरा सहयोग मिल रहा है। पहले की सरकारें सिर्फ झूठे आरोप ही लगाती थीं। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर नई दिल्ली में 'सेवा पखवाड़ा' के तहत 1600 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं के संदर्भ में आयोजित किया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कचरा-से-बिजली संयंत्र का शिलान्यास

    इसके अतिरिक्त गृह मंत्री ने नरेला-बवाना में 3000 टन कचरे से बिजली बनाने वाले संयंत्र और ओखला में एक अन्य कचरा-से-बिजली संयंत्र का शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं दिल्ली को स्वच्छ और हरित ऊर्जा की दिशा में एक कदम और आगे ले जाएंगी। इन संयंत्रों से न केवल कचरे का प्रबंधन होगा, बल्कि ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में भी नया आयाम जुड़ेगा।

    स्वास्थ्य और कल्याण के लिए नई पहल

    समारोह में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई बड़े कदम उठाए गए। पांच अस्पतालों में नए ब्लॉक, 101 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और 150 डायलिसिस मशीनों का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही विशेष देखभाल की आवश्यकता वाले बच्चों के लिए 10 थेरेप्यूटिक केंद्र और सावित्रीबाई फुले वरिष्ठ नागरिक गृह का भी लोकार्पण हुआ। इन पहलों से दिल्ली के स्वास्थ्य ढांचे को नई ताकत मिलेगी।

    दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए विशेष योजनाएं

    दिव्यांग छात्राओं के लिए एक नए हॉस्टल का उद्घाटन किया गया, जो उनकी शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देगा। इसके अलावा, 50 हजार बुजुर्गों के लिए पेंशन पंजीकरण और विशेष देखभाल वाले व्यक्तियों के लिए वित्तीय योजना की शुरुआत की गई। ये कदम सामाजिक समावेश और कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

    दिल्ली की मुख्यमंत्री बोलीं- केंद्र का अटूट समर्थन

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने समारोह में कहा कि जब से दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी है, केंद्र सरकार ने दिल्ली की हर मांग को पूरा किया है। उन्होंने कहा, "पिछले 11 वर्षों से केंद्र सरकार दिल्ली को लगातार पोषित कर रही है। चाहे दिल्ली में भाजपा की सरकार हो या न हो, केंद्र ने विकास में हरसंभव सहयोग दिया।"

    उन्होंने 1.25 लाख करोड़ रुपये से बने हाईवे, यमुना की सफाई, मेट्रो के विस्तार और रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) जैसे कार्यों का जिक्र किया, जो दिल्ली के यातायात नेटवर्क को मजबूत कर रहे हैं।

    मोदी सरकार का योगदान और सेवा पखवाड़ा

    मुख्यमंत्री गुप्ता ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे केवल आलोचना करती थीं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली को हर क्षेत्र में संबल दिया। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान मोदी सरकार ने दिल्ली को संकट से उबारा। रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि दिल्ली सरकार अगले 15 दिनों तक "सेवा पखवाड़ा" मनाएगी, जिसमें 75 नई योजनाओं की शुरुआत होगी।

    विकसित भारत के साथ कदमताल करती दिल्ली

    उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी सत्ता को जनसेवा का माध्यम मानते हैं, इसलिए वे अपने जन्मदिन को सेवा पखवाड़े के रूप में मनाते हैं।" इस समारोह ने दिल्ली के विकास में एक नया अध्याय जोड़ा। गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि दिल्ली अब विकसित भारत के साथ कदम मिलाकर चल रही है। ये परियोजनाएं न केवल दिल्लीवासियों के जीवन को बेहतर बनाएंगी, बल्कि शहर को एक आधुनिक और समावेशी महानगर के रूप में स्थापित करेंगी।

    यह भी पढ़ें- AAP नेता सौरभ भारद्वाज का क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव पर हमला, कहा– 'पैदा होकर किया देश पर एहसान, औकात है तो...