Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कौन होगा दिल्ली का अगला पुलिस आयुक्त? वरिष्ठता के आधार पर ये चार नाम सबसे आगे

    Updated: Sun, 27 Jul 2025 04:44 PM (IST)

    दिल्ली के पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा का कार्यकाल समाप्त होने वाला है जिससे नए आयुक्त की नियुक्ति को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। क्या केंद्र सरकार बाहरी काडर से नियुक्ति करेगी या यूटी काडर को मौका मिलेगा इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं। जीपी सिंह और शत्रुजीत कपूर बाहरी काडर से संभावित उम्मीदवार हैं जबकि एस.बी.के. सिंह और सतीश गोलचा यूटी काडर में आगे हैं।

    Hero Image
    बाहर से लाएंगे या यूटी काडर के होंगे पुलिस आयुक्त, सस्पेंस बरकरार।

    राकेश कुमार सिंह, नई दिल्ली। पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा का कार्यकाल अब महज तीन दिन ही शेष बचा है। पुलिस महकमे में इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है कि अगला पुलिस आयुक्त कौन होगा। क्या इस बार भी केंद्र सरकार बाहरी काडर से किसी वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी को नियुक्त करेगी या फिर यूटी काडर के किसी अधिकारी को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तमिलनाडु काडर के 1988 बैच के आइपीएस अधिकारी संजय अरोड़ा का कार्यकाल 31 जुलाई को समाप्त हो रहा है। वे अगस्त 2022 में दिल्ली के पुलिस आयुक्त नियुक्त किए गए थे। इससे पहले वे भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक रह चुके हैं। जी-20 शिखर सम्मेलन की सुरक्षा को सफलतापूर्वक संचालित करने में उनकी बड़ी भूमिका रही है। वर्तमान परिस्थितियों में उनके सेवा विस्तार की भी चर्चाएं हैं, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

    बाहरी काडर के दो नाम सबसे आगे

    यदि इस बार भी बाहरी काडर से नियुक्ति होती है, तो दो नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं:-

    पहला नाम ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह (जीपी सिंह) का है। वह असम काडर के 1991 बैच के अधिकारी हैं और वर्तमान में सीआरपीएफ के डीजी हैं। वे असम के डीजीपी भी रह चुके हैं। बताया जा रहा है कि उनके नाम की सिफारिश असम के मुख्यमंत्री की ओर से की गई है।

    दूसरा नाम शत्रुजीत कपूर का है। वह हरियाणा काडर के 1990 बैच के अधिकारी हैं और वर्तमान में हरियाणा के डीजीपी हैं। उनके नाम की सिफारिश हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा की गई है।

    यूटी काडर के संभावित अधिकारी

    यदि इस बार केंद्र सरकार यूटी काडर से ही किसी अधिकारी को यह जिम्मेदारी देने का निर्णय लेती है, तो वरिष्ठता और कार्य अनुभव के आधार पर चार नाम चर्चा में हैं:

    1. एस.बी.के. सिंह (1988 बैच):– वर्तमान में होमगार्ड के डीजी हैं। उनका कार्यकाल केवल छह माह शेष है।

    2. नुजहत हसन (1991 बैच):– कार्यकाल एक माह बचा है।

    3. सतीश गोलचा (1992 बैच): वर्तमान में तिहाड़ जेल के डीजी हैं। अनुशासन प्रिय और दक्ष अधिकारी माने जाते हैं।

    4. प्रवीर रंजन (1993 बैच):– वर्तमान में सीआइएसएफ में तैनात हैं। दिल्ली पुलिस में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं।

    इन नामों की संभावना न के बराबर

    • संदीप गोयल (1989 बैच):- लंबे समय से निलंबित हैं।
    • वीरेंद्र सिंह चहल (1992 बैच):– कार्यकाल एक वर्ष शेष है, इनके नाम की चर्चा नहीं है।

    पिछले दो आयुक्त बाहरी काडर के

    उल्लेखनीय है कि दिल्ली दंगों के बाद 1985 बैच के एसएन श्रीवास्तव को आयुक्त बनाया गया था, लेकिन सेवा विस्तार की उम्मीद के बावजूद अंतिम समय में यह मंजूरी नहीं मिली थी। इसके बाद 1984 बैच के गुजरात काडर के राकेश अस्थाना को पुलिस आयुक्त बनाया गया, जो रिटायरमेंट से ठीक दो दिन पहले पदभार ग्रहण कर एक वर्ष का सेवा विस्तार पाए। वहीं संजय अरोड़ा की नियुक्ति भी बाहरी काडर से हुई थी।

    अब देखना यह होगा कि क्या इस बार फिर बाहरी काडर से अधिकारी को लाकर यह परंपरा जारी रखी जाती है या फिर यूटी काडर के किसी अधिकारी को मौका दिया जाएगा। गृह मंत्रालय और पीएमओ की ओर से अंतिम मुहर का सभी को इंतजार है।