दिल्लीवालों के लिए अच्छी खबर, कांग्रेस ने शुरू की दो बड़ी योजनाएं; महिलाओं को मिलेगा लाभ
दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस ने राजधानी की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रियदर्शिनी उड़ान योजना और प्रियदर्शिनी सिलाई योजना की शुरुआत की है। उड़ान योजना में महिलाओं को सेनेटरी पैड बनाने का कार्य मिलेगा जबकि सिलाई योजना के तहत हर जिले में सिलाई केंद्र खुलेंगे। कांग्रेस का लक्ष्य इन योजनाओं को हर विधानसभा तक पहुंचाना है जिससे महिलाओं का सशक्तिकरण हो सके।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रदेश महिला कांग्रेस अब राजधानी की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भी काम करेगी। इसी कड़ी में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने बृहस्पतिवार को दो योजनाओं की शुरुआत की।
“प्रियदर्शिनी उड़ान योजना” के तहत महिलाओं को सेनेटरी पैड बनाने का कार्य दिया जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। “प्रियदर्शिनी सिलाई योजना” के अंतर्गत दिल्ली के हर जिले में सिलाई केंद्र स्थापित किए जाएंगे और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जाएगा।
इंदिरा भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली कांग्रेस इन योजनाओं को हर विधानसभा तक ले जाएगी एवं राजनीति में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगी।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने कहा कि महिला कांग्रेस आज दिल्ली सहित देशभर में महिला सशक्तिकरण के नए आयाम रच रही है। वहीं दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा सिंह ने कहा कि दिल्ली में प्रियदर्शिनी सिलाई केंद्र खोले जाएंगे।
इन केंद्रों में महिलाओं को आर्थिक न्याय के तहत सिलाई-कढ़ाई का काम दिया जाएगा। इस अवसर पर सभी जिलों में सिलाई मशीनों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस ने यह भी घोषणा की कि “प्रियदर्शिनी उड़ान योजना” के अंतर्गत दिल्ली की प्रत्येक विधानसभा में हर महीने मुफ्त सेनेटरी पैड वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में उन महिलाओं को, जो सेनेटरी पैड बना रही है, उन्हें चेक द्वारा महिला कांग्रेस द्वारा धनराशि भी दी गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।