भाजपा सरकार आने के बाद दिल्ली में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 100 अधिकारियों का किया तबादला
दिल्ली सरकार ने अचानक 100 अधिकारियों का तबादला कर दिया है जिसमें 16 तहसीलदार और 12 सब-रजिस्ट्रार शामिल हैं। सेवा विभाग ने सभी को तुरंत ज्वाइन करने का आदेश दिया है। तबादलों का कारण स्पष्ट नहीं है लेकिन माना जा रहा है कि यह प्रशासनिक कार्य को बेहतर बनाने के लिए किया गया है। कुछ अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगे हैं।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की भाजपा सरकार ने एकाएक दिल्ली सरकार के कैडर के 100 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इनमें प्रमुख इलाकों के 16 तहसीलदार पद से हटाए गए हैं और नए लाेगों को मौका दिया गया है।
इसी तरह महत्वपूर्ण इलाकों के 12 पदों पर पुराने हटाकर नए सब रजिस्टार की नियुक्ति कर दी गई है। सेवा विभाग ने इन सभी को तुरंत अपने पदों पर ज्वाइन करने के लिए कहा है।
हालांकि तबादलों में किसी तरह का कोई कारण नहीं बताया गया है। मगर विभागीय सूत्रों का कहना कि काम को बेहतर ढंग से अंजाम देने के लिए यह तबादले किए गए हैं। कुछ मामलों में अधिकारियों की शिकायतें भी आ रही थीं।
15 सितंबर को जारी हुए सेवा विभाग के इस आदेश में विवेक विहार की सब रजिस्ट्रार रेनू मैसी और तहसीलदार बलराम मीणा को भी हटा दिया गया है। मैसी को शिक्षा विभाग में लगाया गया है। मैसी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। इसकी शिकायत सीबीआई में भी हुई थी।
सीबीआई ने करीब दाे माह पहले सब रजिस्ट्रार कार्यालय से कुछ दूरी पर छापेमारी कर एक दलाल को 75000 रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।
शाहदरा जिले के अंतर्गत जिस डीएम कार्यालय के तहत यह विवाद हुआ था, इस घटना के बाद अभी कुछ दिन पहले इस जिले की डीएम ऋषिता गुप्ता को भी पद से हटाया जा चुका है, उन्हें नगर निगम में भेजा गया है।
दिल्ली में भाजपा सरकार आने के बाद यह पहला तबादला आदेश है। जिसमें इतने बड़े स्तर पर तबादले हुए हैं। जिन्हें हटाया गया है इनमें से अधिकतर आम आदमी पार्टी सरकार के समय लगाए गए थे। राजस्व विभाग के अलावा गृह विभाग, शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हैं।
इन 16 तहसीलदार को हटाया गया
रोहिणी, साकेत, वसंत विहार, कापसहेड़ा, डिफेंस काॅलोनी, नजफगढ़, पंजाबी बाग, कोतवाली, कंझावला, गांधीनगर, करावल नगर, महरौली, नरेला, अलीपुर, सीमापुरी, विवेक विहार।
इसमें अलीपुर, कंझावला, डिफेंस कॉलोनी, सीमापुरी तहसीलदार पद पर लगाए गए अधिकारी 35 साल या इससे कम उम्र के हैं। इसे लेकर राजस्व विभाग के कुछ लोग सवाल भी उठा रहे हैं। उनकी मानें ताे इन पदों पर अनुभवी अधिकारी ही लगाए जाते रहे हैं।
सब रजिस्ट्रार के 12 पदों पर नई नियुक्ति
कंझावला, विवेक विहार, सीमापुरी, लिबासपुर, रोहिणी, कालकाजी, पीतमपुरा, कश्मीरी गेट-पहले व दूसरे, नरेला, नांगलोई/ पंजाबी बाग, लाजपत नगर/ डिफेंस काॅलोनी व हौज खास आदि शामिल हैं।
वहीं सब रजिस्ट्र्रार के मामले में पूर्व की महिला अधिकारी हटाकर पुरुषों को मौका दिया गया है। इनमें भी कई 35 साल से कम उम्र के हैं।
यह भी पढ़ें- SIR in Delhi: दिल्ली में 23 साल बाद रिवाइज होगी मतदाता सूची, 2002 की वोटर लिस्ट में नहीं है नाम तो करना होगा ये काम

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।