Navratri Weight Loss TIPS: व्रत के दौरान अपनी दिनचर्या में शामिल करें ये टिप्स, आसानी से कम होगा वजन
Navratri Weight Loss TIPS नई दिल्ली की सीनियर डाइटीशियन डा. हर्षमीत अरोड़ा ने बताया कि सात अक्टूबर से शुरू हो रहे हैं नवरात्र। इस दौरान अपनी दिनचर्या और खानपान पर ध्यान देकर आप आसानी से अपना वजन कम कर सकती हैं...

नई दिल्ली, जेएनएन। Navratri Weight Loss TIPS नवरात्र के दिनों की गिनती वर्ष के सबसे शुभ दिनों में की जाती है। नवरात्र को बहुत ही शुभ समय माना जाता है। नवरात्र से ही त्योहारों की शुरुआत भी हो जाती है और हवा में भी उत्सवों की महक आने लगती है। नवरात्र का समय अपने वजन को नियंत्रित करने का भी होता है। बहुत से लोग इस दौरान व्रत रखते हैं, लेकिन हममें से बहुत कम लोग ही अपना वजन नियंत्रित कर पाते हैं।
नवरात्र के दिनों में आप अपने शरीर को डिटाक्सीफाई कर सकती हैं। इसके साथ ही अपने सपनों के आकार में आने का भी यह सही समय होता है। छोटी-छोटी बातों का पालन करके और पौष्टिक आहार ग्रहण करके आप नवरात्र के दिनों में बिना किन्हीं खास उपायों के आसानी से कम से कम चार-पांच किलो वजन कम कर सकती हैं। उपवास के दौरान संतुलित और पोषक तत्वों से भरपूर चीजें ग्रहण करते हुए आसानी से वजन कम किया जा सकता है।
ये करें
1. कम से कम सात-आठ घंटे की नींद लें।
2. दो से तीन लीटर पानी पिएं।
3. हर दो-तीन घंटे के अंतराल पर कुछ पौष्टिक चीजें खाएं।
4. कम से कम 30 मिनट साधारण सैर करें।
5. किसी प्रकार का तनाव न लें।
6. अपनी सोच को सकारात्मक रखें।
ये न करें
1. बाजार में मिलने वाला जूस न पिएं, न ही पैकेटबंद जूस का सेवन करें।
2. अधिक समय भूखे न रहें।
3. अगर वजन कम करना चाहती हैं तो निराहार न रहें।
- वजन कम करने के लिए जरूरी है कि अपने आहार में एक प्रकार का अनाज अवश्य शामिल करें। यह आपके शरीर से वसा को कम करने में मदद करता है, क्योंकि यह प्रोटीन से भरपूर होता है, जैसे सांवा चावल। इसे समा, समक और कई अन्य नामों से भी पुकारा जाता है। अपने आहार में आलू, सलाद और बहुत सारे फल शामिल कर सकती हैं
- सबसे महत्वपूर्ण बात अपने आहार में रोजाना बदलाव भी करते रहना चाहिए। एक जैसी चीजों का ही सेवन नहीं करना चाहिए
- सुबह और शाम के समय साधारण चाय पीने के स्थान पर जीरा वाली चाय और अजवायन वाली चाय का सेवन करना चाहिए। ये दोनों चाय वजन कम करने में मदद करती हैं। इसके साथ ही हमारे शरीर से अतिरिक्त वसा को बाहर निकालने में मदद करती हैं। शाम के समय नाश्ते के रूप में नारियल पानी का सेवन कर सकती हैं। कारण, नारियल पानी पोटेशियम से भरपूर होता है। इसके साथ ही इसमें विटामिन बी-1, बी-2, बी-3 आदि होते हैं। ये हमारे शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं
- अपने आहार में आप रोजाना तीन चम्मच देसी घी का प्रयोग करें। घी वजन कम करने में मदद करता है। ये हड्डियों को मजबूती प्रदान करता है साथ ही ये ओमेगा 6 फैटी एसिड से भरपूर होता है, जो हमारे शरीर के लिए बहुत आवश्यक होता है
- आप मूंगफली का सेवन कर सकती हैं। ये फाइबर और प्रोटीन से भरपूर होती है। उपवास के दिनों में लोग इसका सेवन करते ही हैैं। व्रत के दिनों में मखाना का विभिन्न प्रकार से सेवन करना बहुत फायदेमंद होता है। इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, लेकिन फैट नहीं होता है। ये वजन घटाने में बहुत मदद करता है
- वजन घटाने और घटे हुए वजन को बरकरार रखने के लिए खानपान में सावधानी बरतने के साथ ही व्यायाम भी बहुत सहायक होता है। व्यायाम करने से हमारा पाचनतंत्र सही रहता है। ये अतिरिक्त कैलोरी बर्न करने में भी सहायक होते हैं
व्रत रखना है फायदेमंद
आहार विशेषज्ञों का कहना है कि समय-समय पर व्रत रखने से शरीर न केवल विभिन्न प्रकार के संक्रमण से सुरक्षित रहता है, बल्कि मौसम और जलवायु में परिवर्तन होने पर भी शरीर स्वस्थ रहता है....
हममें से बहुत से लोग नवरात्र के दिनों में उपवास रखते हैं। कोई पहले दिन और आखिरी दिन उपवास रखता है तो कोई-कोई पूरे नवरात्र व्रत रहता है। कुछ लोग तो नवरात्र के दौरान के केवल फलों का ही सेवन करते हैं तो वहीं बहुत से लोगों का खानपान बहुत सादा होता है अर्थात वे व्रत में खाई जा सकने वाली चीजों का ही सेवन करते हैं। यह वो समय होता है, जब मौसम में तेजी से परिवर्तन हो रहा होता है। ऐसे में अगर हमारा खानपान जरा सा भी बिगड़ा तो न केवल हमारा इम्यून सिस्टम कमजोर होता है, बल्कि अन्य प्रकार की शारीरिक और मानसिक समस्याएं होने की भी आशंका बढ़ जाती है।
व्रत रखने के संदर्भ में आहार विशेषज्ञों का कहना है कि समय-समय पर व्रत रखने से शरीर न केवल विभिन्न प्रकार के संक्रमण से सुरक्षित रहता है, बल्कि मौसम और जलवायु में परिवर्तन होने पर भी शरीर स्वस्थ रहता है। इसका कारण है कि उपवास के दौरान हम स्वस्थ और पोषक चीजों का ही सेवन करते हैं। यही कारण है कि उपवास न केवल शरीर को स्वस्थ रखने में मददगार होता है, बल्कि ये हमारे दिमाग को भी तरोताजा रखने में मदद करता है। नवरात्र के दौरान कुछ बातों को ध्यान में रखकर हम स्वस्थ बने रह सकते हैं।
- नवरात्र के दौरान कुछ लोग तली हुई चीजों का सेवन अधिक करते हैं, जबकि व्रत के दौरान तली हुई चीजों का अधिक सेवन करने से पेट संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। व्रत के दौरान तली हुई चीजों के सेवन से बचना चाहिए। तली हुई चीजों के स्थान पर दही, फलों और अन्य पौष्टिक चीजों का सेवन करें। इसके साथ ही प्रतिदिन थोड़ी मात्रा में अलग-अलग प्रकार के सूखे मेवों का सेवन करें। इससे शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्व प्राप्त होंगे। अगर आप व्रत के दौरान सेंधा नमक का सेवन करती हैं तो भी सीमित मात्रा में ही इसका सेवन करें।
- व्रत के दौरान कभी भी एक बार में अधिक चीजों का सेवन न करें अर्थात भरपेट सेवन करने के बजाय थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चीजों का सेवन करें। स्वस्थ रहने के लिए यह जरूरी है कि हम नियमित अंतराल पर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पौष्टिक चीजों का सेवन करें। इससे न केवल आपका पाचनतंत्र सही रहेगा, बल्कि ये शरीर के लिए आवश्यक एनर्जी भी प्रदान करेगा। व्रत के दौरान एक बार में बहुत ज्यादा चीजों का सेवन करने से न केवल पाचनतंत्र पर विपरीत असर पड़ेगा, बल्कि दिनभर आलस्य भी बना रहेगा। व्रत के दिनों में कोशिश होनी चाहिए कि हम ऐसी चीजों का सेवन करें कि वे जल्द से जल्द पच जाएं। व्रत के दौरान उबले हुए आलू, खीरा, लौकी, दही, मखाना, मूंगफली के दाने, पके हुए कद्दू की खीर, साबूदाना आदि का सेवन करना सेहत के लिए फायदेमंद रहेगा।
- व्रत के दौरान शरीर में पानी की कमी न होने पाए। इसके लिए प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के साथ ही नींबू-पानी, नारियल पानी, दही, लस्सी आदि का सेवन करें। इनसे आपके शरीर में पानी की मात्रा का स्तर सही बना रहेगा। बहुत से लोगों में व्रत के दौरान शरीर में पानी की कमी हो जाती है। शरीर में पानी की कमी होने पर कई प्रकार की शारीरिक समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। यदि आपके शरीर में प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में पानी रहेगा तो ये शरीर के अंदर मौजूद हानिकारक तत्वों को आसानी से बाहर निकालता रहेगा।
- व्रत के दौरान अन्य चीजों का सेवन करने के साथ-साथ फलों का भी भरपूर मात्रा में सेवन करें। कारण, हर फल में अलग-अलग प्रकार के पोषक तत्व पाए जाते हैं। फलों में कई प्रकार के विटामिंस, और खनिज तत्व पाए जाते हैं। इनमें फाइबर भी भरपूर मात्रा में पाया जाता है। इस दौरान यह भी ध्यान रखें कि प्रतिदिन अलग-अलग प्रकार के फलों का सेवन करें। फलों में आप पपीता, पाइनएपल, सेब, केला, नाशपाती आदि का सेवन कर सकती हैं। आप चाहें तो फलों को काटने के बाद इन पर सेंधा नमक भी डाल सकती हैं। सेंधा नमक शरीर के लिए लाभदायक होता है।
[नई दिल्ली की सीनियर डाइटीशियन डा. हर्षमीत अरोड़ा]
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।