विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 24, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बढ़ती गर्मी से दिल्ली-एनसीआर सहित देश भर में बदल रहा मानसून का स्वरूप

By Amit MishraEdited By:
Published: Sat, 24 Jun 2017 02:16 PM (IST)Updated: Sat, 24 Jun 2017 06:43 PM (IST)

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मानसून के बदलते ट्रेंड्स में एक तथ्य यह भी सामने आ रहा है कि बारिश वाले दिन भी घट रहे हैं।

बढ़ती गर्मी से दिल्ली-एनसीआर सहित देश भर में बदल रहा मानसून का स्वरूप
बढ़ती गर्मी से दिल्ली-एनसीआर सहित देश भर में बदल रहा मानसून का स्वरूप

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। अर्बन हीट आइलैंड की बढ़ती संख्या से दिल्ली-एनसीआर सहित देश भर में मानसून का परंपरागत स्वरूप भी बदल रहा है। साल दर साल 5 से 10 फीसद का बदलाव देखा जा रहा है। बारिश के दिन भी घट गए हैं।

रॉयल मीट्रियोलॉजिकल सोसायटी की रिसर्च रिपोर्ट 'द इंडियन मानसून इन ए चैंजिंग क्लाइमेट' के मुताबिक हिन्द महासागर काफी ठंडा है। जबकि दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता इत्यादि महानगरों सहित देश के तमाम शहरों में कंक्रीट का जंगल बढऩे से जमीन अब कहीं ज्यादा तपने लगी है। शहरों की इस गर्मी और महासागर की ठंड से लैंड सी थर्मल कंट्रास्ट अर्थात दोनों के बीच विरोधाभास बढ़ रहा है।

मानसून के स्वरूप में 10 फीसद तक बदलाव

रिपोर्ट के मुताबिक इसी विरोधाभास के कारण देश के शहरों में नमी बढ़ रही है। बादलों के अधिक या कम बरसने के लिए भी यह नमी ही प्रमुख कारक बनती है। रिपोर्ट बताती है कि भारतीय शहरों में इस स्थिति से साल दर साल मानसून के स्वरूप में 10 फीसद तक का बदलाव देखा जा रहा है।

बारिश वाले दिन भी घट रहे हैं

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मानसून के बदलते ट्रेंड्स में एक तथ्य यह भी सामने आ रहा है कि बारिश वाले दिन भी घट रहे हैं। पहले जहां जून, जुलाई, अगस्त, सितंबर यानी 120 दिन में से लगभग 80-90 दिन बारिश होती थी वहीं अब बारिश के दिन सिमटकर 40 से 60 ही रह गए हैं। पिछले 10 सालों में जून माह का औसत रिकार्ड है 35 मिलीमीटर बारिश का जबकि इस वर्ष 23 जून तक ही 122.8 मिलीमीटर हो चुकी है।

पिछले 16 सालों पर एक नजर

सन 2000 से 2010 के बीच तीन बार मानसून में सामान्य से कम वर्षा हुई जबकि अधिक वर्षा एक बार भी नहीं हुई। इसी तरह से सन 2011 से 2016 के बीच भी दो बार मानसून की बारिश सामान्य से कम हुई और बेहतर एक बार भी नहीं रही। इस साल यानि 2017 में मानसून सामान्य से बेहतर रहने की संभावना है। जून माह की ही बारिश गत छह सालों का रिकार्ड तोड़ चुकी है।

जल चक्र का प्रभावित होना है वजह

मौसम विज्ञानियों की मानें तो इसके लिए जल चक्र का प्रभावित होना एक बड़ी वजह है। वातावरण में अधिक समय तक नमी रहने के कारण सूरज समुद्र से उतना वाष्पीकरण नहीं कर पाता जितना कि नमी ना होने पर हो पाता है।

यह होते हैं अर्बन हीट आइलैंड

अर्बन हीट आइलैंड शहर के वह हिस्से होते हैं जहां वन क्षेत्र बिल्कुल नहीं है। वाहनों का आवागमन बहुत ज्यादा रहता है। इनका धुंआ प्रदूषण और गर्मी दोनों फैलाता है। इसके अलावा व्यवसायिक इमारतों में लगे एयर कंडीशनर गर्म हवा छोड़ते है। यहां का तापमान भी शहर के अन्य हिस्सों से कहीं ज्यादा रहता है।

प्रकृति का संतुलन वनों से ही कायम रहता है

मौसम विज्ञानी तथा प्रभारी, मौसम विज्ञान विभाग दिल्ली केंद्र के डा. रवींद्र बिशेन का कहना है कि  यह सही है कि परंपरागत मानसून अब बदल रहा है। मानसून ही नहीं, बढ़िया सर्दी और गर्मी के लिए भी वन क्षेत्र होना बहुत जरूरी है। प्रकृति का संतुलन वनों से ही कायम रहता है। लेकिन शहरों में सब कुछ इसके उलट ही हो रहा है। इसीलिए जल चक्र एवं मौसम चक्र भी स्थिर नहीं रह पा रहा है। यह स्थिति चिंता का भी विषय है।

यह भी पढ़ें: सबसे विवादित विभाग है रेलवे, किसी का आदेश नहीं मानता: हाई कोर्ट

यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री आवास योजना से लिंक होगी डीडीए की हाउसिंग स्कीम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।