NCRTC ने लाॅन्च किया Namo Bharat Champions, यात्री अनुभव बेहतर करने की पहल; जानें कैसे करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एनसीआरटीसी ने यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए नमो भारत चैंपियंस कार्यक्रम शुरू किया है। यह कार्यक्रम यात्रियों के लिए यात्रियों के द्वारा की अवधारणा पर आधारित है। इसके तहत यात्री फीडबैक देंगे नियमों के बारे में जागरूकता फैलाएंगे और अन्य यात्रियों की मदद करेंगे। सक्रिय चैंपियंस को विशेष आयोजनों में मान्यता दी जाएगी और सोशल मीडिया पर उनका उल्लेख होगा।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में यात्रियों के अनुभव को और अधिक सहज, सुरक्षित और सहभागी बनाने की दिशा में NCRTC ने एक नई पहल की शुरुआत की है।
‘Namo Bharat Champions’ कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ ही सेवाओं में निरंतर सुधार लाना है।
एनसीआरटीसी के अनुसार यह कार्यक्रम ‘यात्रियों के लिए, यात्रियों के द्वारा’ की अवधारणा पर आधारित है। इसके तहत एक विशेष नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
जिसमें ऐसे यात्री शामिल होंगे जो नमो भारत ट्रेन सेवा का जिम्मेदारी से उपयोग करते हैं और सार्वजनिक परिवहन के सतत विकास में योगदान देना चाहते हैं।
‘नमो भारत चैंपियंस’ में यात्री सुविधाओं को लेकर फीडबैक देंगे, ट्रेनों और स्टेशनों पर अनुसरण किए जाने वाले नियमों के प्रति जागरूकता फैलाएंगे।
जरूरत पड़ने पर अन्य यात्रियों की मदद करेंगे। एनसीआरटीसी इन्हें एक आधिकारिक पहचान प्रदान करेगा तथा सेवा अपडेट्स व कार्यक्रमों की प्राथमिक जानकारी भी देगा।
इच्छुक यात्री स्टेशन पर लगाए गए क्यूआर कोड या एनसीआरटीसी की वेबसाइट और इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म (एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन) के जरिये पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद ईमेल से सदस्यता की पुष्टि और स्वागत संदेश प्राप्त होगा।
सक्रिय Champions को एनसीआरटीसी की आयोजित विशेष आयोजनों, परियोजना शुभारंभ कार्यक्रमों और सोशल मीडिया पर मान्यता दी जाएगी। उनका उल्लेख ‘नमो भारत टाइम्स’ न्यूजलेटर में भी होगा।
एनसीआरटीसी ने स्पष्ट किया कि यह पहल न केवल सेवा गुणवत्ता सुधारने का जरिया बनेगी, बल्कि एक मजबूत नागरिक-प्रशासन संवाद की नींव भी रखेगी।
संस्था का लक्ष्य है कि जनभागीदारी के माध्यम से ‘नमो भारत’ को केवल एक यात्रा साधन ही नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन के रूप में स्थापित किया जाए।
यह भी पढ़ें- JNU में अब मांसाहार और शाकाहार अलग-अलग करने पर जंग, JNUSU और AVBP आमने-सामने
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।