Delhi Mundka Fire: जेनरेटर में आग लगने से हुई थी शुरुआत, देखते देखते मच गई चीख-पुकार
मामले में पुलिस ने कंपनी के संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। इमारत के मालिक मनीष लाकड़ा से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक छानबीन के मुताबिक आग इमारत की पहली मंजिल से शुरू हुई। जहां पर सीसीटीवी कैमरों और राउटर निर्माण कंपनी का कार्यालय व गोदाम है।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। मुंडका इलाके में शुक्रवार दोपहर एक तीन मंजिला इमारत में आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई हैं। वहीं नौ लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार आग लगने की शुरुआत जेनरेटर से शुरू हुई थी जिसके बाद यह आग पूरी इमारत में फैल गई। इसके बाद देखते ही देखते हर तरफ चीख पुकार मच गई। लोग मदद के लिए चिल्लने लगे। कुछ लोग कूद कर जान बचाने की कोशिश की जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
संजय गांधी अस्पताल में घायल हुए भर्ती
घायलों को ग्रीन कारिडोर बनाकर संजय गांधी अस्पताल भेजा गया। मौके पर पहुंची दमकल की 30 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रही। इसके अलावा पुलिसकर्मी भी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। आग की बढ़ रही लपटों के बीच स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए 20 लोगों को बाहर निकलने में मदद की। इसके अलावा कई लोगों ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई है।
कंपनी संचालक गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने कंपनी के संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। इमारत के मालिक मनीष लाकड़ा से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक छानबीन के मुताबिक आग इमारत की पहली मंजिल से शुरू हुई। जहां पर सीसीटीवी कैमरों और राउटर निर्माण कंपनी का कार्यालय व गोदाम है। इस इमारत पर अलग-अलग कंपनियों का कार्यालय था।
आग लगने के बाद ज्यादातर लोग अंदर फंस गए
शुक्रवार शाम करीब 4.45 बजे मुंडका के तीन मंजिला इमारत में आग लगने की जानकारी मिली। आग लगने के दौरान कार्यालय में काफी लोग मौजूद थे। कुछ ने आग लगते ही वहां से भागने की कोशिश की लेकिन ज्यादातर लोग आग में फंस गए। पहली मंजिल पर लगी आग तुरंत उपर की मंजिलों में फैल गई। इमारत से आग की लपटें निकलने लगी। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और राहत बचाव का काम शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आग को नियंत्रित कर लिया गया है। अब कूलिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके बाद ही जानमाल की क्षति का आकलन किया जा सकेगा।