MCD Election 2022: जानिए कब होगा महापौर का चुनाव? सदन बुलाने के लिए जल्द समय मांगेगा निगम; LG करेंगे फैसला
दिल्ली नगर निगम के पार्षदों का शपथ ग्रहण कब होगा और कब महापौर का चुनाव होगा यह आने वाले सप्ताह में स्पष्ट हो सकता है। निगम चुनाव में चुनकर आए 250 सदस्यों के निर्वाचन से संबंधित राज्य चुनाव आयोग की अधिसूचना निगम को मिल गई है।

नई दिल्ली, जागरण संवादादाता। दिल्ली नगर निगम के पार्षदों का शपथ ग्रहण कब होगा और कब महापौर का चुनाव होगा यह आने वाले सप्ताह में स्पष्ट हो सकता है। निगम चुनाव में चुनकर आए 250 सदस्यों के निर्वाचन से संबंधित राज्य चुनाव आयोग की अधिसूचना निगम को मिल गई है। अब इस अधिसूचना के आधार पर निगम सचिव उपराज्यपाल वीके सक्सेना को पत्र लिखकर निगम पार्षदों के शपथग्रहण और महापौर चुनाव कराने की तारीख निर्धारित करने की मांग करेंगे। जिस पर उपराज्यपाल नियमानुसार विचार कर निर्णय लेंगे।
दिल्ली नगर निगम चुनाव में इतनी माथापच्ची इसलिए भी हो रही है, क्योंकि इस बार चुनाव की परिस्थितियां अलग हुई हैं। आम तौर पर नगर निगम का चुनाव मार्च या अप्रैल माह में होता है, लेकिन पूर्वकालिक तीनों निगमों के एकीकरण के बाद यह चुनाव दिसंबर में हुए हैं।
केंद्र सरकार दूर कर सकती है मुश्किल
चूंकि निगम एक्ट में अप्रैल माह की पहली बैठक में महापौर और उपमहापौर पद का चुनाव कराने का उल्लेख हैं, इसलिए दिसंबर में यह चुनाव होंगे या नहीं इस पर तलवार लटकी हुई है। हालांकि एक्ट में यह भी प्रविधान हैं कि इन मुश्किलों को दूर करने के लिए केंद्र सरकार का आदेश काफी होगा।
इससे पहले भी वर्ष 1997 में ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई थी। जब भाजपा फरवरी माह में चुनाव जीत गई थी, लेकिन भाजपा ने दो माह के लिए महापौर बनाने से इन्कार कर दिया था। क्योंकि निगम एक्ट में हर साल अप्रैल माह में महापौर और उपमहापौर पद के चुनाव का प्रविधान है।
पांच दिन और लागू रहेगी आचार संहिता
कई विकास परियोजनाओं के कार्यादेश जारी होने का इंतजारदिल्ली नगर निगम चुनाव के नतीजे आने के बाद भी अभी 15 दिसंबर तक आचार संहिता लागू रहेगी। फिलहाल निगम चुनाव के वित्त पर्यवेक्षक रिटर्निंग आफिसर के समक्ष अपनी रिपोर्ट जमा करा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- MCD Election 2022: AAP की टेंशन खत्म, भाजपा ने दिल्ली के मेयर की रेस से खुद को किया बाहर
वहीं, दिल्ली नगर निगम में कई परियोजनाओं और कार्यों के कार्यदेश आचार संहिता हटने का इंतजार कर रहे हैं। जिसमें सड़के बनाने से लेकर पार्किंग और अन्य परियोजनाएं हैं। एक अधिकारी ने बताया कि जैसे ही आचार संहिता हटेगी हम विभिन्न विकास परियोजनाएं के कार्यदेश जारी कर देंगे। ताकि नागरिक सुविधाओं पर कोई असर न पड़े।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।