Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Karva Chauth 2022: दिल्ली-एनसीआर में चांद का दीदार कर महिलाओं ने खोला उपवास, देखें तस्वीरें

    By Jagran NewsEdited By: Pradeep Kumar Chauhan
    Updated: Thu, 13 Oct 2022 10:07 PM (IST)

    Karva Chauth 2022 पूर्वी दिल्ली के बाबरपुर में सुहागिन महिलाएं चांद का दीदार करती हुई दिखी। हालांकि काफी देर से महिलाएं चांद का दीदार करने के लिए मकानों की छत पर पहुंच गई थी। जैसे ही चांद के दर्शन हुए तो महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल गए।

    Hero Image
    Karva Chauth 2022: अर्ध्य देकर पति की लंबी आयु के लिए प्रार्थना की।

    नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Karva Chauth 2022: दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार को सुहागिन महिलाओं ने करवा चौथ का त्योहार धूमधाम से मनाया। सुहागिन महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखा और रात को चांद का दीदार कर उपवास खोला। रात्रि करीब 8:20 पर सुहागिनों ने चांद का दीदार कर पति की लंबी आयु के लिए प्रार्थना की। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा नेता डॉ. हर्षवर्धन ने देश की महिलाओं को दी शुभकामनाएं

    दिल्ली भाजपा नेता डॉ. हर्षवर्धन ने अपने घर में करवा चौथ का त्योहार मनाया। उन्होंने कहा, "यह एक सांकेतिक त्योहार है जिस दिन पत्नियां सुबह से शाम तक पानी भी नहीं पीती और चांद के निकलने का इंतज़ार करतीं हैं।

    मैं देश की बहनों को करवा चौथ की शुभकामनाएं देता हूं।"

    पूर्वी दिल्ली के बाबरपुर में सुहागिन महिलाएं चांद का दीदार करती हुई दिखी। हालांकि काफी देर से महिलाएं चांद का दीदार करने के लिए मकानों की छत पर पहुंच गई थी। जैसे ही चांद के दर्शन हुए तो महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल गए और फिर अर्ध्य देकर पति की लंबी आयु के लिए प्रार्थना की।

    कई महिलाओं ने सोशल मीडिया पर भी इसकी तस्वीरें सांझा की। पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार में चांद का दीदार कर पति को छलनी में देखती हुई महिलाओं ने भी अपनी तस्वीर शेयर की। 

    पानी पिलाकर पत्नी का व्रत खुलवाता पति

    हाथों में मेहंदी और सोलह श्रृंगार कर महिलाओं ने बृहस्पतिवार को अपने सुहाग की लंबी आयु की कामना करते हुए करवा चौथ का निर्जला व्रत रखा । रात के समय महिलाओं ने छलनी से चांद का दीदार किया और पति के हाथ से शीतल जल ग्रहण कर व्रत खोला।

    इस दौरान महिलाओं ने चांद को दीपक दिखाकर अपने पति की दीर्घायु की कामना की। चांद का दीदार करने के लिए सोसायटियों की छतों और पार्को में महिलाओं की काफी भीड़ थी। कई जगह महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा अर्चना की।

    दिल्ली से सटे नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद के इंदिरापुरम की सोसायटी में महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से पति की लंबी उम्र के लिए पूजा अर्चना की। वहीं वैशाली सेक्टर-4 स्थित गोपेश्वर महादेव मंदिर में काफी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुई। महिलाओं ने पूजन अर्चना कर मंगलगीत गाए। वैशाली सेक्टर-2 शिव मंदिर के पंडित शिवकुमार शास्त्री ने शिव पार्वती की कथा सुनाते हुए पूजा संपन्न कराई।

    सुंदरकांड का सामूहिक पाठ

    शालीमार गार्डन के रोज पार्क में करवा चौथ की पूजा के साथ सुंदरकांड का पाठ हुआ। सुंदरकांड का पाठ व चौपाईयों का वर्णन किया। 

    हाइराइज सोसायटियों में भी आयोजन

    अरिहंत हारमोनी, ऋषभ प्लेटिनम, शिप्रा सनसिटी, राजहंस सोसायटी में भी करवा चौथ का व्रत रखकर महिलाओं ने पूजा की। वहीं, कृष्णा अपरा गार्डन, गौड़ गंगा आदि सोसायटी में महिलाओं ने करवा चौथ के लोकगीत गाए और एक दूसरे को अपनी पूजा की थाली बांटना शुरू किया।

    पूजा के बाद महिलाओं ने अपनी-अपनी सासु मां का आशीर्वाद लिया। वहीं, जिनके घर में बुजुर्ग नहीं थे, उन महिलाओं ने सोसायटी में रहने वाली सबसे बुजुर्ग महिला से आशीर्वाद लिया और पूजा का समापन किया। 

    वहीं, करवाचौथ पर महिलाओं में सेल्फी का क्रेज देखने को मिला। समूहों में एकत्र होकर पूजा के बाद महिलाओं ने सेल्फी लेकर व्रत को यादगार बनाया। सखियों के साथ और पति संग सेल्फी ली। सेक्टर-15 के हिवो अपार्टमेंट्स में कथा के लिए एकत्र हुई महिलाओं ने कथा सुनी और थालियां बदली। इसके बाद उन्होंने बड़ों का आशीर्वाद लिया। सबसे अधिक उत्साह उन महिलाओं में था जिनका पहला करवाचौथ रहा।