विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 21, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi: दलित युवक से शादी करने पर दूसरे समुदाय के लोगों ने मचाया हंगामा, घरों व वाहनों में तोड़फोड़

By Mangal YadavEdited By:
Published: Sun, 21 Mar 2021 01:45 PM (IST)Updated: Sun, 21 Mar 2021 02:00 PM (IST)

दलित युवक के विशेष समुदाय की लड़की से शादी करने से नाराज युवती के स्वजनों और उनके साथियों ने शनिवार ...और पढ़ें

दलित युवक के मुस्लिम युवती से शादी करने से नाराज थे उपद्रवी
दलित युवक के मुस्लिम युवती से शादी करने से नाराज थे उपद्रवी

नई दिल्ली [गौरव बाजपेई]। दक्षिणी दिल्ली के सराय काले खां गांव में शनिवार रात समुदाय विशेष के 50 से अधिक उपद्रवियों ने जमकर हंगामा काटा। उपद्रवियों ने इलाके की दलित बस्ती में घुसकर आधे घंटे तक लाठी डंडो और तलवार के साथ संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद से इलाके में तनाव फैल गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर अर्द्धसैनिक बलों को तैनात कर दिया गया है। रात में हुए उपद्रव के बाद पूरी बस्ती के लोग हतप्रभ हैं और दहशत में हैं।

जानकारी के अनुसार, दलित युवक के समुदाय विशेष की लड़की से शादी करने से नाराज युवती के स्वजनों और उनके साथियों ने शनिवार रात सराय काले खां गांव की दलित बस्ती में जमकर उपद्रव काटा। 50 से अधिक की संख्या में बस्ती में घुसे उपद्रवियों ने बस्ती की कुल तीन गलियों को निशाना बनाया और तलवार लाठी डंडे और पत्थरों के साथ हमला कर दिया। रात के 11 बजे के बाद हुए हमले से बस्ती में रहने वाले लोग सहम गए। लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तब तक उपद्रवी लगातार लोगों को धमकी देते हुए बवाल करते रहे। बवाल के बाद लोगों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक करीब पांच युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।

क्या है मामला?

सराय काले खां इलाके में रहने वाले एक दलित युवक के विशेष समुदाय की लड़की से प्रेम संबंध थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक ने करीब छह माह पहले ही चोरी छिपे युवती से प्रेम विवाह कर लिया था। लेकिन कुछ दिन पहले ही युवती के स्वजनों ने युवती की शादी किसी अन्य व्यक्ति से तय कर दी थी। जिसके बाद युवती ने दो दिन पहले सनलाइट कालोनी थाने में बयान दर्ज कराने के बाद युवक के साथ चली गई। युवक का परिवार युवती को लेकर अपने किसी रिश्तेदार के घर गाजियाबाद रहने चला गया है। इसी से नाराज होकर दूसरे समुदाय के लोगों ने शनिवार रात जमकर उपद्रव काटा और इलाके में दहशत फैला दी।