'कांग्रेस पार्टी कतरे-कतरे से टुकड़े-टुकड़े पर आई', BJP ज्वाइन करते ही बदले लवली के सुर; लगाए गंभीर आरोप
बीजेपी नेता अरविंद सिंह लवली ने कहा कि सभी जानते हैं कि किन परिस्थितियों में मैंने दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। उसके बाद मैं अपने समर्थकों और कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिला। उन्होंने मुझसे घर पर न बैठने और दिल्ली के लोगों के लिए लड़ने के लिए एक मजबूत पार्टी में शामिल होने का आग्रह किया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरविंद सिंह लवली ने बीजेपी की सदस्यता शनिवार को ग्रहण कर ली। इससे पहले उन्होंने इस्तीफा देते हुए कहा था कि वह सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है, कांग्रेस से नहीं। लेकिन आज अचानक वह बीजेपी मुख्यालय पहुंचे और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की मौजूदगी बीजेपी में शामिल हो गए। सदस्यता लेते ही उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि किन परिस्थितियों में मैंने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। उसके बाद, मैं अपने समर्थकों और कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिला। उन्होंने मुझसे घर पर न बैठने और दिल्ली के लोगों के लिए लड़ने के लिए एक मजबूत पार्टी में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देश के लिए कोई पार्टी काम कर रही है, तो वह भाजपा है। हम इस देश के लिए और लोगों की भलाई के लिए काम करने के लिए भाजपा में आए हैं।
18 साल की उम्र में कांग्रेस ज्वाइन की थी: लवली
उन्होंने कहा कि मैंने 18 साल की उम्र में कांग्रेस में शामिल हुए थे। तब इंदिरा गांधी ने कहा था कि मेरे शरीर का कतरा-कतरा देश के लिए हैं। अब कतरे-कतरे से कांग्रेस टुकड़े-टुकड़े पर आ गई है। इसलिए हमलोगों ने फैसला किया कि हमें घर बैठने के बजाय बीजेपी के साथ आना चाहिए। यह पार्टी देश को आगे बढ़ाने वाली पार्टी है। मैंने इस्तीफे की चिट्ठी में कई बातें गिनाई है। जो लोग अपने लोगों का ध्यान नहीं रखते, वह देश का क्या ख्याल रखेंगे।
किसी का अपने इलाके में कोई प्रभाव नहीं था: बाबरिया
लवली के बीजेपी में शामिल होने पर दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा- मैं इसे झटका नहीं मानता हूं। राजुकमार चौहान पहले भी पार्टी छोड़ी थी और फिर वापस आ गए थे। कोई बता दे कि इनमें से कोई एक भी व्यक्ति है, जिसका अपने इलाके में गहरा प्रभाव था। वह अपने पार्षद को विरोध के बावजूद जिता नहीं पा रहे थे। तो ऐसे में उनके सारे आरोप गलत हैं। लवली ने मुझपर जो बात नहीं सुनने के आरोप लगाए हैं, वह बिल्कुल गलत है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।